सेक्टर-9 में रहने वाली 14 वर्षीय छात्रा को पड़ोस में रहने वाला एक शख्स और उसका साथी बहला-फुसलाकर ले गया। आरोप है कि छात्रा को शराब पिलाई गई। विरोध करने पर हाथ बांधकर उसकी कलाई को सिगरेट से दागा। पुलिस ने छात्रा को खुर्जा से बरामद कर आरोपियों को गिरफ्तार कर लिया। परिजनों ने गैंगरेप का आरोप भी लगाया है। एसएसपी के निर्देश पर मामला दर्ज किया गया था।
छात्रा एक पब्लिक स्कूल में 9वीं कक्षा में पढ़ती है। शुक्रवार को स्कूल जाते समय पड़ोस का रहने वाला एक शख्स छात्रा के पिता की बीमारी का बहाना बनाकर उसे कार में बैठाकर ले गया। देर शाम किशोरी के न आने पर परिजनों ने उसकी तलाश की, लेकिन रात तक उसका पता नहीं चल सका। परिजन शुक्रवार रात में ही करीब 12 बजे सेक्टर-20 थाने पहुंचे तो पुलिसकर्मियों ने 24 घंटे इंतजार करने को कहा।
एसएसपी के निर्देश पर दर्ज हुई शिकायत
शनिवार शाम परिजन दोबारा थाने पहुंचे तो उन्हें फिर इंतजार करने को कहा, जिस पर परेशान परिजनों ने मामले की शिकायत एसएसपी से की। कप्तान के निर्देश पर पुलिस ने आरोपियों के खिलाफ रिपोर्ट दर्ज की। पुलिस ने दोनों को गिरफ्तार कर छात्रा को रविवार तड़के 2 बजे खुर्जा( बुलंदशहर) से बरामद कर लिया।
परिजनों ने लगाया गैंगरेप का आरोप
सोमवार को किशोरी का मेडिकल कराया गया। किशोरी के भाई और मां ने आरोप लगाया कि किशोरी के साथ दादरी ले जाकर गैंगरेप किया गया। कार में ही उसे शराब पिलाई। विरोध करने पर उसके हाथ बांधकर हाथ को सिगरेट से दागा।