फ्री ई-पेपर
पर्सनलाइज़्ड फ़ीड
पर्सनलाइज़्ड नोटिफ़िकेशन
चलते-फिरते ख़बरें
लॉयल्टी रिवॉर्ड्स
विज्ञापन

खाली हुई 96 कनाल जमीन, पूर्व इंडियन क्रिकेटर अंजुम चोपड़ा की जमीन पर था कब्जा

Fri, 14 Apr 2017 09:21 PM IST
ब्यूरो/अमर उजाला, फरीदाबाद
विज्ञापन
कब्जा हटवाती पुलिस - फोटो : अमर उजाला
विज्ञापन
पीएमओ की सख्ती और सीएम की फटकार के बाद गांव अनंगपुर में भारतीय महिला क्रिकेट टीम की पूर्व कप्तान अंजुम चोपड़ा की जमीन से शुक्रवार को पुलिस प्रशासन ने कब्जा हटवाया। 
विज्ञापन


इस जमीन पर भाजपा नेता प्रेम कृष्ण आर्य उर्फ पप्पी पर कब्जा करने का आरोप है। बृहस्पतिवार देर रात भी फरीदाबाद पुलिस दलबल के साथ मौके पर पहुंची थी। दोनों पक्षों के बीच बातचीत के बाद तोड़फोड़ दस्ता वापस लौट गया था। 

शुक्रवार सुबह करीब 7:30 बजे ड्यूटी मजिस्ट्रेट तहसीलदार मनमोहन की अगुवाई में भारी पुलिस बल के साथ तोड़फोड़ दस्ता कार्रवाई के लिए पहुंच गया। करीब चार घंटे चली कार्रवाई में 96 कनाल जमीन कब्जा मुक्त कराई गई। 
विज्ञापन


शिकायतकर्ता अंजुम चोपड़ा के पिता कृष्ण बल चोपड़ा ने करीब दो दशक पूर्व अनंगपुर में 96 कनाल भूमि खरीदी थी। उसी जमीन से लगती भाजपा नेता प्रेम कृष्ण आर्य की भी जमीन है। चोपड़ा का आरोप है कि छह साल पहले पप्पी ने उनकी जमीन पर कब्जा कर लिया। 

पप्पी के खिलाफ वर्ष 2016 में सूरजकुंड थाने में दर्ज कराई गई थी लेकिन जमीन खाली नहीं हो पाई। बताया जाता है कि अंजुम चोपड़ा ने इसकी शिकायत प्रधानमंत्री कार्यालय में की। पीएमओ ने सख्ती दिखाते हुए मुख्यमंत्री से कार्रवाई करने के लिए कहा। सीएम ने पुलिस प्रशासन को फटकार लगाते हुए जमीन हरहाल में खाली कराने का आदेश दिया। 

बताया जाता है कि तोड़फोड़ की कार्रवाई के दौरान एक समाधि को भी हटाया गया, जिसके विरोध में लोगों ने हंगामा शुरू किया। पप्पी की मां फूट-फूटकर रोने लगी। भाजपा नेता पप्पी का कहना है कि यहां न तो गिरदावरी हुई है और न ही चकबंदी। ऐसे में जमीन पर अधिकार जताना गलत है। 
विज्ञापन

कोर्ट में विचाराधीन है मामला

कब्जा हटवाती पुलिस - फोटो : अमर उजाला
ये मामला अभी कोर्ट में विचाराधीन है। उसने दावा किया कि जमीन चोपड़ा की नहीं बल्कि उनकी है। वर्ष 2011 में उन्होंने जमीन खरीदने का दावा किया। कोर्ट से इस पर स्टे भी मिला हुआ है। ऐसे में तोड़फोड़ करना गलत है। पप्पी ने आरोप लगाया कि प्रशासन ने ये कार्रवाई भाजपा के बड़े नेताओं के इशारे पर कराई है।

इस मामले में तहसीलदार मनमोहन का कहना है कि निशानदेही के एक मामले में शिकायत मिलने पर शुक्रवार को अनंगपुर में जमीन से कब्जे को हटाया गया है। इस दौरान मौके पर बनी चारदीवरी, शेड और समाधि को तोड़ दिया गया। उन्होंने बताया कि कार्रवाई के दौरान उन्हें स्टे संबंधित कोई कागजात नहीं दिखाए गए। 

इस बाबत पूर्व क्रिकेटर अंजुम चोपड़ा और उनके पिता कृष्णबल चोपड़ा से भी बात करने की कोशिश की गई लेकिन उन्होंने बातचीत करने से इंकार कर दिया। तोडफ़ोड़ के दौरान एसीपी शाकिर हुसैन, गिरदावर, पटवारी समेत अन्य अधिकारी मौजूद थे।
 
और पढ़ें...
विज्ञापन
Next
AU ऐप में पढ़ें