पुलिस ने बुधवार को जमालपुर चौक के पास होंडा सिटी कार में कार तीन युवकों से 9.5 लाख रुपये के नए नोट बरामद किए हैं। पुलिस ने युवकों को हिरासत में लेने के बाद आयकर विभाग की टीम को सौंप दिया है। युवकों से पूछताछ की जा रही है। सीआईए साउथ बिलासपुर टीम ने नाकाबंदी के दौरान जमालपुर चौक पर शक होने पर दिल्ली के नंबर की होंडा सिटी कार को रुकवाया। कार में तीन युवक सवार थे। जो कि पुलिस को देखकर कुछ सकपका गए।
पुलिस ने कार की तलाशी ली तो तीनों युवकों के पास से 472 नोट 2000 रुपये के, 2 नोट 500-500 रुपये समेत कुल 9.50 लाख रुपये बरामद हुए। इतनी रकम कार में रखकर चलने के बारे में युवकों से पूछताछ की गई तो वह कोई सबूत नहीं दे सके। इसके बाद पुलिस ने युवकों को हिरासत में लेने के साथ ही कार व रुपयों को भी अपने कब्जे में ले लिया। पुलिस के मुताबिक, हिरासत में लिए गए युवक दिल्ली के रजोकरी निवासी मोनू यादव, रेवाड़ी के कोसली निवासी जयप्रकाश, गुुरुग्राम की ढाणी कुंभावास(भोड़ा कलां) निवासी नवीन हैं।
इसके बाद पुलिस ने मामले की जानकारी आयकर विभाग की टीम को दी, जिसके बाद आयकर विभाग की टीम सीआईए सेंटर पर पहुंची और युवकों से पूछताछ शुरू कर दी है। बताया जा रहा है कि ये युवक इन नोटों को कमीशन पर पुराने नोटों से बदलने की फिराक में घूम रहे थे। बता दें कि मंगलवार को भी पुलिस ने राजीव चौक पर होंडा ब्रियो कार से 7.92 लाख रुपये की नई करेंसी बरामद की थी।
गौरतलब है कि मंगलवार को पुलिस महानिदेशक केपी सिंह ने गुरुग्राम में पुलिस अधिकारियों की बैठक लेकर नोटबंदी के बाद अधिक मात्रा में नई करेंसी को लेकर चलने वालों पर सख्त नजर रखने की हिदायत दी थी।
नहीं थम रहा है नोटों के साथ पकड़े जाने का सिलसिला
गुरुग्राम से 15 लाख के साथ पकडे़ जाने की शुरूआत हुई थी। डीएलएफ , सिविल लाइन, सेक्टर पांच , बिलासपुर में लगातार नोटों के साथ लोगों को पकड़ा गया है। पुलिस महानिदेशक के आदेश के बाद कमिशभनरी की पुलिस ने गुजरने वालों के वाहनों की सघन जांच शुरू कर दी है।