दिल्ली विधानसभा चुनाव के लिए रिकॉर्ड नामांकन दाखिल होने के बाद चुनाव आयोग दूसरे दिन भी स्क्रूटनी में व्यस्त रहा। बृहस्पतिवार देर रात तक सभी चुनाव कार्यालयों पर स्क्रूटनी का काम जारी रहा। जांच के बाद 830 नामांकन पत्र रद्द किए गए, जबकि सात नामांकन पत्र वापस हुए।
14 से 21 जनवरी तक चली नामांकन प्रक्रिया के दौरान सभी 70 विधानसभा सीटों पर 1015 उम्मीदवारों ने 1528 नामांकन पत्र भरे थे। इसमें से रात साढ़े आठ बजे तक 997 नामांकन पत्रों को स्वीकार कर लिया गया। दिल्ली मुख्य निर्वाचन अधिकारी डॉ. रणबीर सिंह ने बताया कि शुक्रवार यानी आज नामांकन पत्र वापस लेने का समय है। इसके बाद अंतिम सूची तैयार कर ली जाएगी।
8 फरवरी को होने वाले मतदान के लिए 70 सीटों पर इस बार बीते 27 सालों में सबसे ज्यादा नामांकन पत्र दाखिल हुए हैं। नई दिल्ली क्षेत्र से सर्वाधिक 88 नामांकन पत्र दाखिल हुए थे, जिनमें 54 निरस्त कर दिए गए। इनके अलावा जिन उम्मीदवारों के नामांकन पत्र स्वीकार हो चुके हैं उनमें डमी उम्मीदवारों में से भी कई के निरस्त हुए हैं।
उत्तरी पूर्वी जिला निर्वाचन अधिकारी शशि कौशल ने प्रेस कान्फ्रेंस में बताया कि स्क्रूटनी के बाद उनके क्षेत्र की विधानसभा सीलमपुर से सात, घोंडा से 13, गोकलपुर से आठ, मुस्तफाबाद से 15 और करावल नगर से 18 उम्मीदवार चुनाव लड़ेंगे।
मैसूर की स्याही होगी इस्तेमाल
मतदान के दिन वोट डालने के बाद वोटर को मैसूर की स्याही से निशान लगाया जाएगा, ताकि फर्जी मतदान को रोका जा सके। यह स्याही सबसे पहले महाराजा नालवाडी कृष्णराज वाडियार द्वारा वर्ष 1937 में स्थापित मैसूर में बनाई थी। मैसूर पेंट्स एंड वार्निश लिमिटेड के नाम से चल रही यह कंपनी कर्नाटक सरकार की है। पहली बार इसका इस्तेमाल देश के तीसरे आम चुनाव में हुआ था। इसमें मुख्य रसायन सिल्वर नाइट्रेट है, जो कि 5 से 25 फीसदी तक होता है।
रन फॉर डेमोक्रेसी का आयोजन कल
राष्ट्रीय मतदाता दिवस पर रन फॉर डेमोक्रेसी का आयोजन होगा। दक्षिणी दिल्ली जिला निर्वाचन कार्यालय की ओर से इसकी तैयारियां शुरू हो चुकी हैं। 25 जनवरी की सुबह 9 बजे कुतुब मीनार पार्किंग से ये मैराथन शुरू होगी। इसके जरिए मतदाता जागरूकता अभियान चलाया जाएगा। शुक्रवार को इस बाबत जिला निर्वाचन अधिकारी की ओर से अधिकारिक घोषणा की जा सकती है। इसके अलावा 26 जनवरी को गणतंत्र दिवस पर दक्षिणी जिला मजिस्ट्रेट कार्यालय से शाम 3 बजे बाइक रैली भी निकाली जाएगी।