फरीदाबाद में रात के समय शटल की महिला कोच में सफर करने वाले यात्रियों के खिलाफ आरपीएफ ने अभियान शुरू कर दिया है। बुधवार की रात की गई चेकिंग में आठ पुरूष यात्रियों को पकड़कर उनका चालान किया गया।
दिल्ली पुलिसकर्मियों की मनमानी की खबर छपने के बाद आरपीएफ कमांडेंट के आदेश पर कार्रवाई शुरू की गई है। आरपीएफ का कहना है कि मनमानी करने वाले दिल्ली पुलिसकर्मियों के खिलाफ भी कार्रवाई की जाएगी।
मथुरा शटल में नशे में धुत होकर सफर करने वाले दिल्ली पुलिसकर्मियों की मनमानी की खबर को ‘अमर उजाला’ ने बुधवार के अंक में प्रमुखता से प्रकाशित किया था।
इसकी जानकारी होने पर आरपीएफ कमांडेंट शशि कुमार ने फरीदाबाद पोस्ट के प्रभारी को शटल गाडिय़ों की महिला बोगी की जांच करने के आदेश दिए।
आरपीएफ पोस्ट प्रभारी मुकेश कुमार का कहना है कि बुधवार की शाम 64904 गाजियाबाद-दिल्ली-मथुरा शटल, 64906 गाजियाबाद-दिल्ली-पलवल, 64082 नई दिल्ली-पलवल तथा 64910 शकूरबस्ती-नई दिल्ली- मथुरा शटल की महिला कोच में सफर करने वाले पुरूष यात्रियों के खिलाफ अभियान चलाकर आठ लोगों को पकड़ा गया और उनका चालान किया गया।
उन्होंने बताया कि गलत तरीके से सफर करने वाले दिल्ली पुलिस के जवानों को वार्निंग दी गई है। अगली बार उनके खिलाफ भी कार्रवाई की जाएगी।