घरों से मिलेंगी स्ट्रीट लाइट के लिए बिजली, मालिकों को राहत
भारद्वाज ने कहा कि पहली बार इतने बड़े पैमाने पर सरकार की तरफ से लाइट लगाई जा रही है। दिल्ली में महिलाओं के साथ अंधेरी जगहों पर वारदातों को खत्म करने में यह योजना कारगर साबित होगी। स्ट्रीट लाइट के लिए भवन मालिक के घर से ही बिजली मिलती है। यूनिट के मुताबिक ही बिजली को भवन मालिक के बिल से कम कर दिया जाता है। लोग अपने घर, दुकान, गली, कहीं भी इसे लगवा सकते हैं। दिल्ली के लोग इस योजना से जुड़ने के लिए काफी उत्सुक हैं। जल्द ही दिल्ली की हर गली रोशन होंगी।
सेंसर से चलेंगी स्ट्रीट लाइट
इस योजना के तहत लगाई जा रही स्ट्रीट लाइट स्वचालित होंगी। इसमें सेंसर लगा होने की वजह से अंधेरा होने पर पर खुद जल जाएगी। सुबह सूर्योदय होते ही लाइटें बंद हो जाएंगी। दिल्ली में कार्यरत तीन कंपनियां इस योजना को लागू करने में अलग अलग कार्यों को देख रही हैं। प्रत्येक डिस्कॉम को पहले 70 हजार स्ट्रीट लाइट लगाने की जिम्मेदारी दी गई थी। अतिरिक्त स्ट्रीट लाइट लगाने के बाद संख्या में बढ़ोतरी होगी। इसमें टाइमर और सेंसर के साथ 20/40 वाट की एलईडी लाइटें लगाई जाएंगी।
महिलाओं की सुरक्षा पुख्ता करने के लिए सरकार प्रतिबद्ध
शहरी विकास मंत्री सौरभ भारद्वाज ने कहा कि महिलाओं की सुरक्षा सुनिश्चित करने के लिए दिल्ली सरकार प्रतिबद्ध हैं। साल 2019 में मुख्यमंत्री अरविंद केजरीवाल ने मुख्यमंत्री स्ट्रीट लाइट योजना की घोषणा की थी। इसके तहत दिल्ली में 2.1 लाख स्ट्रीट लाइट लगाने का लक्ष्य रखा गया। तीन कंपनियों को इसकी जिम्मेदारी दी गई है।
घर की दीवार पर लगाई जा सकेंगी स्ट्रीट लाइटें
मंत्री ने कहा कि दिल्ली में प्रावधान के तहत रास्ते में स्ट्रीट लाइट लगाने के लिए एमसीडी से अनुमति जरूरी है। पहले पोल लगाने की अनुमति नहीं मिलने से परेशानी होती थी। कई इलाकों में स्ट्रीट लाइट नहीं होने की वजह से लोगों को काफी मुश्किलों का सामना करना पड़ रहा था। सरकार तमाम योजनाओं के तहत स्ट्रीट लाइट लगाने का प्रयास पिछले काफी समय से कर रही थी। एमसीडी की ओर से बार-बार अड़चनें पैदा की जा रही थी। इसे देखते हुए केजरीवाल सरकार ने अपने तरह का अनोखा प्लान बनाया। इस योजना के तहत अब मकान मालिक, विधायक और बिजली कंपनी मिलकर स्ट्रीट लाइटें लगा सकती है। खास बात यह है कि स्ट्रीट लाइट के लिए अधिक जगह नहीं चाहिए। इसे संकरी गलियों और जरूरत के मुताबिक घर की दीवार पर भी लगाया जा सकता है। इस कारण ही अधिक से अधिक लोग इस योजना से जुड़ रहे हैं।