कोरोना की वजह से अन्य अदालतों की तर्ज पर दिल्ली राज्य कानूनी सेवा प्राधिकरण (डीएसएलएस) ने भी वीडियो कॉन्फ्रेंस से सुनवाई शुरू कर दी है। ई-लोक अदालत के पहले दिन अदालतों ने 5,838 मामलों का निपटारा किया। डीएसएलएसए, पटियाला हाउस कोर्ट की ओर से जारी सूचना के मुताबिक, ई-लोक अदालत में 8 हजार से ज्यादा मामलों को सुनवाई हुई। इन मामलों पर 77 बेंच ने सुनवाई की और अलग-अलग श्रेणी के तहत 5,838 मामलों को निपटारा कर दिया। इन मामलों के निपटारे से 46.28 करोड़ रुपये वसूले गए।
इनमें 612 मामले मोटर एक्सीडेंट क्लेम ट्रिब्यूनल से जुड़े थे, जिनमें हुए समझौते से 36.69 करोड़ रुपये वसूले गए। अन्य मामले नागरिक वसूली और विद्युत अधिनियम के थे। लोक अदालत की वर्चुअली सेरेमनी में सुप्रीम कोर्ट के जज जस्टिस एन वी रमन, दिल्ली हाईकोर्ट के चीफ जस्टिस डीएन पटेल और जस्टिस हिमा कोहली शामिल हुए। इनके अलावा डीएसएलएसए के मेंबर सेक्रेटरी कंवलजीत अरोड़ा समेत अन्य पदाधिकारी भी शामिल हुए। इस मौके पर जस्टिस पटेल ने अपने संबोधन में डीएसएलएसए के इस प्रयास की तारीफ की।