जहांगीरपुरी स्थित सरकारी स्कूल में मिड डे मील खाने से 47 बच्चियां बीमार हो गईं। खाना खाने के बाद छात्राओं ने पेट दर्द की शिकायत की, जिसके बाद उन्हें बाबू जगजीवन राम अस्पताल में भर्ती कराया गया।
परिजनों का आरोप है कि स्कूल प्रशासन ने बच्चों के बीमार होने की सूचना उनको नहीं दी। बच्चों के दोस्तों ने उन्हें तबीयत खराब होने और अस्पताल में भर्ती कराने की जानकारी दी। उसके बाद अभिभावक भी अस्पताल पहुंचे।
प्राप्त जानकारी के अनुसार जहांगीरपुरी के ए. ब्लॉक के सर्वोदय कन्या विद्यालय का है। जैसे ही छठी और सातवीं की छात्राओं ने स्कूल में मिड डे मील खाया, वैसे ही वह बीमार हो गईं।
अचानक उनके पेट में दर्द होने लगा। इतनी संख्या में बच्चियों के पेट दर्द की शिकायत के बाद स्कूल प्रशासन के पैरों तले जमीन खिसक गई। छात्राओं को बाबू जगजीवन राम अस्पताल में भर्ती कराया गया।