दिल्ली के शाहबाद डेयरी इलाके में बृहस्पतिवार रात 13 साल की किशोरी के साथ पड़ोसी युवक ने दुष्कर्म किया। लोगों ने आरोप लगाया कि शिकायत करने के बावजूद पुलिस ने मामला दर्ज करने में आनाकानी की।
पुलिस के रवैये के विरोध में लोग थाने के बाहर जमा हो गए और जमकर हंगामा किया। बाद में शाहबाद डेयरी पुलिस ने पीड़िता का मेडिकल करवाया।
इसमें दुष्कर्म की पुष्टि होने के बाद आरोपी युवक के खिलाफ दुष्कर्म और पोक्सो के तहत मामला दर्ज कर लिया। पुलिस के अनुसार किशोरी अपने परिजनों के साथ शाहबाद डेयरी इलाके की झुग्गी में रहती है।
बृहस्पतिवार रात किशोरी ने परिजनों को बताया कि पड़ोस में रहने वाला फिरोज ने उसे बहाने से अपने पास बुलाया और उसके साथ दुष्कर्म किया। इस सूचना के बाद परिजनों ने फिरोज की तलाश की, लेकिन वह फरार हो गया। परिजन किशोरी को लेकर थाने पहुंचे और इसकी शिकायत की।