कापसहेड़ा इलाके में बुधवार से गायब एक तीन साल की बच्ची का शव रविवार शाम घर के पास बोरे में मिला। बच्ची की गला रेतकर हत्या करने के बाद उसे बोरी में बंद कर फेंका गया है। पुलिस ने शव को कब्जे में कर परिवार वालों से पूछताछ कर आगे की जांच कर रही है। परिवार वालों ने अभी किसी पर शक जाहिर नहीं किया है। पुलिस अधिकारियों का कहना है कि पोस्टमार्टम रिपोर्ट आने के बाद ही पता चल पाएगा कि बच्ची के साथ दुष्कर्म किया गया है या नहीं।
शनिवार शाम पुलिस को कापसहेड़ा इलाके में एक बोरी में बंद तीन साल की बच्ची के शव मिलने की जानकारी मिली। मौके पर छानबीन करने के बाद शव को कब्जे में किया गया। पूछताछ के बाद शव की पहचान भी कर ली गई। बच्ची अपने परिजनों के साथ कापसहेड़ा इलाके में रहती थी। जिस कमरे में उसके परिजन रहते हैं, वह एक बड़े से प्लॉट में बना हुआ है और यहां करीब डेढ़ दर्जन परिवार रहते हैं। इस परिसर के एक कोने पर उपलों का ढेर है। रविवार को एक बच्चा यहां उपला लेने गया था। उसने वहां एक सीमेंट का बोरा देखा, जिससे खून निकल रहा था। बच्चे ने इस बात की जानकारी वहां मौजूद लोगों को दी। बोरा खोलने पर उसमें बच्ची का शव मिला। उसके बाद पुलिस को घटना की जानकारी दी गई।
बुधवार से गायब थी बच्ची, परिजनों ने दी थी शिकायत
बच्ची के परिजनों ने बताया कि बुधवार दिन के करीब 11 बजे से बच्ची गायब थी। काफी तलाश करने के बाद जब वह नहीं मिली तो उनलोगों ने कापसहेड़ा थाने में शिकायत दर्ज करवाई थी। पुलिस अपहरण का मामला दर्ज कर बच्ची की तलाश कर ही रही थी कि रविवार को बच्ची का शव मिलने की जानकारी मिली।
आसपास के लोगों पर ही शक
पुलिस अधिकारियों का कहना है कि जिस तरह से बच्ची की हत्या और उसे ठिकाने लगाने की कोशिश की गई है इससे जाहिर होता है कि आसपास के किसी व्यक्ति ने ही घटना को अंजाम दिया है। पुलिस परिजनों से किसी से विवाद होने या फिर रंजिश के बारे में पूछताछ कर रही है।