कल्याणपुरी इलाके में दो अलग-अलग मामलों में चार युवकों से नौकरी दिलवाने के नाम पर 27 लाख रुपये की ठगी का मामला सामने आया है। पहले मामले में आरोपियों ने तीन युवकों को रेलवे में टीटीई की नौकरी दिलवाने के नाम पर 18 लाख रुपये ठग लिए। वहीं एक अन्य मामले में आरोपियों ने सेना में नौकरी दिलवाने का झांसा देकर नौ लाख रुपये ठग लिए। पीड़ित की शिकायत पर पुलिस ने मामला दर्ज कर आरोपियों की तलाश शुरू कर दी है।
ये भी पढ़ें- रविदास मंदिर मामला: भीम आर्मी प्रमुख चंद्रशेखर समेत 96 प्रदर्शनकारियों को 14 दिन की जेल
पुलिस के मुताबिक पीड़ित संजय परिवार के साथ कल्याणपुरी इलाके में रहता है। 2017 में उसकी मुलाकात एक दोस्त के जरिए एक महिला से हुई। महिला ने संजय को आठ लाख रुपये में रेलवे में टीटीई की नौकरी लगवाने का झांसा दिया। छह लाख रुपये में बात पक्की हो गई। पहली किस्त लेने के लिए आरोपी महिला ने पीड़ित को नॉर्थ एवेन्यू के पास एमपी कैंटीन में बुलाया। वहां बाहर खड़ी गाड़ी में कुछ अन्य लोगों से संजय को मिलवाया गया।
50 रुपये लेकर उसका भरोसा जीता गया। संजय ने अपने दो दोस्त धनंजय और लेखराज को भी नौकरी के लिए राजी किया। आरोपियों ने कभी मेडिकल तो कभी फिजिकल के नाम पर पीड़ितों से धीरे-धीरे छह लाख रुपये वसूल लिए। इसके बाद आरोपियों ने अपने-अपने मोबाइल बंद कर लिए। ठगी का अहसास होने पर मामले की सूचना पुलिस को दी गई।
दूसरे मामले में कल्याणपुरी में रहने वाले सोनू कुमार को उसके रिश्तेदारों ने बताया कि वे सेना में उसकी नौकरी लगवा देंगे। सोनू उनके झांसे में आ गया। 12 लाख मांगे गए। उसमें भी छह लाख नौकरी लगने के बाद वापस करने की बात की गई। सोनू को नौकरी लगवाने वाले एजेंट से मिलवाया गया। कभी मेडिकल और कभी फिजिकल के नाम पर पीड़ित से 9 लाख रुपये वसूल लिए गए।
पीड़ित को फर्जी नियुक्ति पत्र भी दे दिया गया। पीड़ित ने इसकी पड़ताल की तो भेद खुल गया, मामले की शिकायत पुलिस से की गई। छानबीन के बाद पुलिस ने मामला दर्ज कर आरोपियों की तलाश शुरू कर दी।