मौसम विभाग ने 26 और 27 जनवरी को जम्मू-कश्मीर और हिमाचल प्रदेश के कुछ इलाकों में बारिश की संभावना जताई है। 27 जनवरी को उत्तराखंड के कुछ क्षेत्रों में बारिश के आसार हैं।
उत्तर प्रदेश के कई शहरों समेत गुड़गांव में शनिवार की सुबह पहाड़ों से ज्यादा ठंडी रही। उत्तर पश्चिम भारत के मैदानी इलाकों के न्यूनतम तापमान में अगले 48 घंटे में बदलाव की संभावना नहीं है। अधिकतम तापमान में दो से तीन डिग्री की वृद्धि हो सकती है।
शनिवार को अंबाला, चुरू, सुल्तानपुर, वाराणसी, गोरखपुर, फुरसतगंज, लखनऊ, मेरठ, हिसार, पटियाला और दिल्ली (पालम और आया नगर) में कोहरे के बीच दृश्यता 25 मीटर रिकॉर्ड की गई।
मैदानी इलाकों में उत्तर प्रदेश के बहराइच में सबसे कम न्यूनतम तापमान 1.4 डिग्री सेल्सियस रिकॉर्ड किया गया। वहीं गुड़गांव में न्यूनतम तापमान 2 डिग्री सेल्सियस दर्ज किया गया, जो कि शिमला के न्यूनतम तापमान से करीब 1.3 डिग्री कम था।
मौसम विभाग के मुताबिक, एक कमजोर पश्चिमी विक्षोभ 26 जनवरी को जम्मू-कश्मीर पर सक्रिय हो सकता है।
शनिवार को रहा सीजन का सबसे कम तापमान
तापमान में गिरावट और कोहरे-पाले केचलते भीषण सर्दी का दौर जारी है। कंपकंपी लोगों का पीछा नहीं छोड़ रही है। पश्चिमी विक्षोभ और बर्फीली हवाओं के चलने से शनिवार को इस सीजन का सबसे कम तापमान रहा।
दोपहर में धूप निकलने पर लोगों को थोड़ी राहत मिली। मौसम वैज्ञानिकों का मानना है कि सोमवार तक सर्दी लोगों को परेशान करेगी। बढ़ते प्रदूषण और घटती हरियाली से एनसीआर में ऋतु चक्र गड़बड़ा रहा है।
इसी के कारण दिसंबर 2015 पिछले 50 साल में सबसे गर्म रहा। अब जनवरी भीषण सर्दी से कंपकंपा रही है। शनिवार को इस सीजन का सबसे कम तापमान रहा।