एनएच-58 पर अगले दो दिन (17 और 18 नवंबर) को जाम से जूझने को तैयार रहें। दरअसल, छठ पूजा के मद्देनजर मंगलवार और बुधवार को शहर में रूट डायवर्जन रहेगा और मुरादनगर में गंगनहर पर छठ पूजा के लिए बड़ी भीड़ रहती है, जो जाम का सबब बनती है।
ऐसे में मेरठ से दिल्ली आने जाने वाले हजारों वाहन चालकों को जाम से दिक्कत झेलनी होगी। जाम से निबटने के पुख्ता बंदोबस्त न होने की वजह से ऐसा होता है।
हालांकि ट्रैफिक एसपी अमर सिंह का कहना है कि जाम से निबटने के पर्याप्त इंतजाम किए जा रहे हैं। हिंडन और मुरादनगर गंगनहर पर 65 पुलिसवालों की ड्यूटी लगाई जाएगी, जो ट्रैफिक संचालन करेंगे।
इसके अलावा मोदीनगर, सिहानी गेट, नगर कोतवाली और साहिबाबाद कोतवाली पुलिस भी यातायात व्यवस्था करने में मदद करेगी। लोगों को जागरूक किया जाएगा कि वे किन रास्तों से जाएं, ताकि जाम से बच सकें।
रूट डायवर्जन जारी कर दिया है, ताकि लोग वैकल्पिक मार्गों से आएं-जाएं। लोग जाम से न जूझें, इसीलिए भारी वाहनों की भी कई स्थानों पर नो एंट्री की गई है।
बता दें कि मोदीनगर, मुरादनगर, राजनगर एक्सटेंशन चौराहा और हिंडन पर रोजमर्रा भी जाम के हालात रहते हैं। त्योहारों के दौरान हालात यहां हालात और बिगड़ जाते हैं और एनएच-58 पर लोगों को जाम से जूझना पड़ता है।
खराब ट्रक, 6 घंटे तक झेला जाम
एनएच-58 पर सीकरी कला गांव के पास रविवार को ट्रक खराब होने से चार किलोमीटर लंबा जाम लग गया। पुलिस के उदासीन रवैये की वजह से सुबह दस से चार बजे तक करीब छह घंटे वाहन रेंगते रहे।
जाम की सूचना पर चार घंटे बाद पहुंची पुलिस ने क्रेन से ट्रक हटवाया, इसके करीब दो घंटे बाद यातायात सामान्य हुआ। जाम में फंसकर लोग बिलबिला उठे। रविवार सुबह करीब 10 बजे मेरठ से गाजियाबाद की ओर स्क्रैप से भरा ट्रक जा रहा था।
सीकरी कला गांव के पास ट्रक का पीछे वाला टायर फट गया। इसके बाद जाम लगता चला गया। मेरठ की ओर से आ रहे वाहनों की कतारें लग गईं।
इसी बीच वाहनों के विपरीत दिशा में जाने से गाजियाबाद की ओर से आ रहे वाहनों की रफ्तार भी धीमी पड़ गई, इससे दूसरी साइड में भी जाम लग गया।
दोनों ओर वाहनों की करीब चार-चार किलोमीटर लंबी लाइन लग गईं। इसके बाद मोदीनगर पुलिस हरकत में आई और क्रेन से ट्रक को हटवाया।
ट्रक खराब होने से हाईवे पर जाम की पिछले एक माह में यह पांचवीं घटना है। इधर, मुरादनगर में जाम में एंबुलेंस समेत कई वीआईपी गाड़ियां फंसी रहीं।