राजधानी में कोरोना संक्रमण से बचाव के लिए 15 से 18 वर्ष की आयु वालों का टीकाकरण सोमवार से शुरू होगा। बीते शनिवार और रविवार को मिलाकर दो दिन में इस आयु के 50 हजार किशोर/किशोरियों ने टीकाकरण के लिए ऑनलाइन पंजीयन कराया है।
उधर दिल्ली सरकार ने इनके टीकाकरण के लिए 150 से ज्यादा केंद्रों को तैयार किया है। हर जिले में 10 से 12 केंद्रों पर इन्हें वैक्सीन लगाई जाएगी। सरकार ने सभी केंद्रों पर भारत की स्वदेशी कोवाक्सिन को उपलब्ध भी कराया है।
स्वास्थ्य विभाग ने रविवार को जानकारी दी है कि सभी केंद्रों पर वैक्सीन की आपूर्ति कर दी गई है। सोमवार से टीकाकरण शुरू होगा। जिन्होंने ऑनलाइन पंजीयन नहीं कराया है, वह सीधे टीकाकरण केंद्र पर पहुंचकर भी वैक्सीन प्राप्त कर सकते हैं।
विभाग के एक वरिष्ठ अधिकारी ने बताया कि राजधानी में 15 से 18 वर्ष की आयु के बीच करीब 10.80 लाख बच्चे हैं। इनके स्कूल के पहचान पत्र या फिर दसवीं कक्षा के प्रवेश पत्र के आधार पर वैक्सीन दिया जाएगा। उन्होंने बताया कि सभी जिलों को मिलाकर कुल 159 टीकाकरण केंद्र तैयार हुए हैं। इनमें हिंदूराव अस्पताल, कस्तूरबा गांधी अस्पताल, गिरधारी लाल, निगम डिस्पेंसरी इत्यादि शामिल हैं। नई दिल्ली नगर पालिका और दिल्ली कैंट के अधीन आने वाले अस्पताल, डिस्पेंसरी में भी टीकाकरण की सुविधा उपलब्ध कराई गई है।
हर केंद्र के बाहर होगी एंबुलेंस
स्वास्थ्य विभाग से मिली जानकारी के अनुसार सभी टीकाकरण केंद्रों के बाहर एक-एक एंबुलेंस को तैनात किया गया है। यह टीकाकरण कार्यक्रम के तहत पूरे वक्त वहां मौजूद रहेंगी। ताकि वैक्सीन के बाद अगर किसी बच्चे में प्रतिकूल असर दिखाई देता है तो उसे तत्काल नजदीकी अस्पताल में भर्ती कराया जा सके। सभी अस्पतालों को भी इन केंद्रों के साथ लिंक कर दिया गया है जिसकी जानकारी अस्पताल और टीकाकरण केंद्र के मुख्य अधिकारियों को दी गई है।
प्राइवेट अस्पतालों ने भी तैयारी की पूरी
दिल्ली सरकार के अलावा प्राइवेट अस्पतालों ने भी तैयारी पूरी कर ली है। 15 से 18 वर्ष की आयु वाले प्राइवेट अस्पतालों में जाकर भी टीकाकरण करवा सकते हैं। इसके बारे में कोविन वेबसाइट पर जानकारी दी गई है। साथ ही मूलचंद अस्पताल जैसे कुछ स्थानों पर ड्राईव थ्रू यानी पार्किंग में ही वैक्सीन देने की व्यवस्था की गई है।