गौतमबुद्ध नगर निवासियों के लिए खुशखबरी है। जल्द ही उनको सौ से ज्यादा नए स्कूलों का तोहफा मिलेगा।
लोगों को अपने-अपने क्षेत्रों के नजदीकी स्कूल में बच्चे का दाखिला कराने का मौका मिलेगा। इसमें सरकारी और निजी स्कूल शामिल हैं।
माध्यमिक शिक्षा परिषद व बेसिक शिक्षा परिषद से मान्यता लेने के बाद नए स्कूल खोले जाएंगे। मान्यता लेने के लिए 87 स्कूलों ने आवेदन किए हैं। इसमें पहली से पांचवीं तक के प्राइमरी स्कूलों की संख्या 25 है। वहीं आठवीं तक के स्कूलों की संख्या 62 है।
अब तक माध्यमिक शिक्षा परिषद से मान्यता लेने के लिए 5 स्कूलों ने आवेदन किया है।
बेसिक शिक्षा अधिकारी अशोक कुमार सिंह ने बताया कि मान्यता के लिए प्राप्त आवेदनों के परीक्षण के बाद परिषद के मेरठ कार्यालय स्थित वरिष्ठ अधिकारियों के पास प्रस्ताव भेजा जाएगा। वहां से जांच के बाद एक समिति नए स्कूल खोलने पर विचार करेगी।
जिला विद्यालय निरीक्षक ज्योति प्रसाद ने बताया कि प्राप्त आवेदन निजी स्कूलों के लिए हैं। हालांकि पिछले साल 18 सरकारी स्कूलों के लिए प्रस्ताव भेजा गया था लेकिन बजट नहीं मिल पाया। अब फरवरी में बैठक के बाद बजट पर फैसला होगा।
2017 तक 46 नए स्कूल खोलने का प्रस्ताव
जिला विद्यालय निरीक्षक ज्योति प्रसाद ने बताया कि पूर्व प्रस्तावित योजना के मुताबिक 2017 तक 46 नए सरकारी स्कूल खोलने हैं। वर्तमान में बजट नहीं आने से नए स्कूलों पर काम नहीं हो पाया। अब अगले साल के बजट में नए स्कूलों के लिए फंड मिलने की संभावना है।
जिले में स्कूलों की संख्या
सरकारी स्कूल (माध्यमिक व उच्चतर माध्यमिक )-5
सरकारी सहायता प्राप्त स्कूल (माध्यमिक व उच्चतर माध्यमिक)-45
प्राथमिक स्कूल (बेसिक शिक्षा परिषद)-471
जूनियर हाईस्कूल (बेसिक शिक्षा परिषद-212
(नोट: इसके अलावा करीब 700 निजी स्कूलों को बेसिक शिक्षा परिषद, माध्यमिक शिक्षा परिषद उत्तर प्रदेश व सीबीएसई से मान्यता मिली हुई है।)