नोएडा में कार्ल हूबर कप की खिताबी भिड़ंत डीपीएस इंदिरापुरम और विश्व भारती स्कूल की टीम के बीच होगी।
सेमीफाइनल मुकाबले में डीपीएस की टीम ने कार्ल हूबर को 26 और विश्व भारती की टीम ने बाल भारती को 91 रन से हराकर फाइनल में जगह पक्की की। प्रतियोगिता का फाइनल बृहस्पतिवार को खेला जाएगा।
सेक्टर-62 स्थित कार्ल हूबर स्कूल में आयोजित प्रतियोगिता के बुधवार को सेमीफाइनल मुकाबले हुए। कार्ल हूबर की टीम से हुए पहले सेमीफाइनल में डीपीएस इंदिरापुरम ने टॉस जीतकर बल्लेबाजी करने का फैसला किया।
प्रद्युम्न यादव के 72 और शौर्य शरण के 48 रनों की बदौलत निर्धारित 20 ओवरों में दो विकेट खोकर 172 रन बनाए। लक्ष्य का पीछा करने उतरी कार्ल हूबर की टीम प्रद्युम्न की घातक गेंदबाजी के सामने 19.3 ओवर में 146 रन पर सिमट गई।
डीपीएस की ओर से प्रद्युम्न ने चार और आशीष ने दो विकेट झटके। बेहतरीन प्रदर्शन के लिए प्रद्युम्न को मैन ऑफ द मैच घोषित किया गया।
वहीं, दूसरे सेमीफाइनल में विश्व भारती ने पहले बल्लेबाजी करते हुए निर्धारित ओवरों में पांच विकेट के नुकसान पर 151 रन बनाए। इसमें ध्रुव गगन ने सर्वाधिक 57 रनों का योगदान दिया। लक्ष्य का पीछा करने उतरी बाल भारती की टीम अक्षय और तनिष्क की खतरनाक गेंदबाजी के सामने 13.5 ओवरों में महज 60 रन पर सिमट गई। अक्षत तिवारी ने चार विकेट और तनिष्क ने तीन विकेट लिए।