सम-विषम योजना के दौरान इस बार दिल्ली सरकार की ऐसे इलाकों में खास नजर रहेगी, जहां पहले चरण के दौरान सबसे ज्यादा चालान कटे थे। सरकार ने चालान डाटा का अध्ययन करके करीब 100 इलाकों को चिन्हित किया है। इसमें ज्यादातर दिल्ली बॉर्डर से सटे इलाके हैं।
दिल्ली सरकार सम-विषम योजना के दूसरे चरण के दौरान किसी भी नियम तोड़ने वाले को रियायत देने के मूड में नहीं है। यही वजह है कि सरकार इस बार ज्यादा इनफोर्समेंट टीम उतारने के साथ उन्हें स्मार्टफोन और वाहन भी उपलब्ध करा रही है।
यह टीम नियम तोड़कर भागने वालों को पकड़कर चालान काटेगी। सम-विषम योजना के पहले चरण में दूसरे राज्यों से आने वाले वाहनों को बॉर्डर से समझाकर वापस भेज दिया जाता था।