पुलिस के अनुसार, पथरी थाना क्षेत्र स्थित एक गांव निवासी ग्रामीण का भाई रुड़की के एक मोहल्ले में रहता है। लगभग एक साल पूर्व ग्रामीण की बेटी अपने चाचा के घर आई थी। आरोप है कि चचेरे भाई ने उसके साथ डरा-धमकाकर दुष्कर्म किया था।
साथ ही किसी को बताने पर जान से मारने की धमकी दी थी। डर के चलते किशोरी ने अपने परिजनों से यह बात छिपा ली थी, लेकिन इसी बीच किशोरी गर्भवती हो गई। कुछ दिन बाद तबीयत बिगड़ने पर पीड़िता ने आरोपी चचेरे भाई की करतूत के बारे में परिजनों को जानकारी दी। पीड़िता के परिजनों ने कार्रवाई करनी चाही तो आरोपी और परिवार वालों ने उसके बालिग होने पर शादी करने की बात कही।
किशोरी के बालिग होने पर परिजनों ने युवक और उसके परिजनों से शादी की बात कही। आरोप है कि इस पर युवक के परिजनों ने दहेज में छह लाख रुपये और बाइक की मांग की। दहेज न देने पर शादी से इनकार कर दिया। शुक्रवार को पीड़िता के परिजनों ने पथरी थाने में तहरीर दी थी।
कोतवाली प्रभारी अमरजीत सिंह ने बताया कि घटनास्थल सिविल लाइंस कोतवाली क्षेत्र का होने के कारण पथरी पुलिस ने शून्य में आरोपी के खिलाफ दुष्कर्म और उसके पिता के खिलाफ दहेज मांगने का केस दर्ज कर लिया था। शनिवार को पथरी पुलिस ने तफ्तीश के लिए मामला कोतवाली में भेजा है। उन्होंने बताया कि मामले की जांच की जा रही है। आरोपी अभी फरार है।