फायरिंग के चलते अकसर विवादों में रहने वाले खानपुर विधायक कुंवर प्रणव चैंपियन इस बार पत्नी की कार रोकने पर भड़के हुए हैं।
पुलिस ने ट्रैफिक लाइट जंप करने पर कार रुकवाकर चैंपियन के बेटे का लाइसेंस ले लिया था। गुस्साए चैंपियन ने एसएसपी से मुलाकात कर ट्रैफिक दारोगा पर कार्रवाई की मांग की।
एसपी सिटी को सौंपी जांच
विधायक चैंपियन की पत्नी और बेटा शुक्रवार को कार से मोहिनी रोड स्थित घर लौट रहे थे। कार चैंपियन का बेटा चला रहा था। दिलाराम चौक पर ट्रैफिक लाइट का रेड सिग्नल तोड़कर चैंपियन के बेटे ने कार आगे बढ़ा दी।
वहां तैनात ट्रैफिक जवानों ने वायरलेस पर कार का नंबर फ्लैश किया, जिस पर यूकेलिप्टस चौक के पास तैनात सिपाहियों ने कार रोक ली।
पुलिस ने लिया बेटे का लाइसेंस
जवानों ने चैंपियन के बेटे का लाइसेंस लेकर वहां तैनात ट्रैफिक दारोगा को सौंप दिया। इस बीच चैंपियन का बेटा और पत्नी कार लेकर वहां से निकल गए।
बाद में पुलिस ने चैंपियन के बेटे का लाइसेंस लौटा दिया। उधर, शनिवार को गुस्साए चैंपियन अपने 30-35 समर्थकों के साथ पुलिस कार्यालय पहुंचे।
एसएसपी केवल खुराना से शिकायत कर विधायक ने ट्रैफिक पुलिसकर्मियों और दारोगा पर परिजनों से अभद्रता का आरोप लगाया। एसएसपी ने उन्हें जांच कर उचित कार्रवाई का भरोसा दिलाया, जिस पर चैंपियन लौट गए।