पांच अप्रैल को चकराता रोड सैनिक कॉलोनी मोड पर एक बाइक सवार ने स्कूटी चालक महिला को टक्कर मार दी थी। इससे महिला और साथ में बैठी उनकी बेटी गंभीर रूप से घायल हो गई। महिला की इलाज के दौरान मौत हो गई। पति ने थाना प्रेमनगर में अज्ञात बाइक चालक के खिलाफ शिकायत दर्ज की है। पुलिस ने मुकदमा दर्ज कर लिया गया है।
थाना अध्यक्ष प्रेमनगर कुलदीप पंत ने बताया कि विगत पांच अप्रैल को अंबेडकर बस्ती सुद्धोवाला निवासी रवि सिंह की पत्नी रचना सिंह और बेटी विशाखा स्कूटी से जलवायु विहार झाझरा से अपने घर सुद्धोवाला आ रहे थे। शाम को करीब साढ़े सात बजे सैनिक कॉलोनी मोड चकराता रोड पर स्कूटी को बाइक सवार ने टक्कर मार दी। इससे मां-बेटी गंभीर रूप से घायल हो गईं। दोनों को इलाज के लिए अस्पताल में भर्ती कराया गया, जहां मां ने दम तोड़ दिया। बेटी का इलाज चल रहा है।