नर्स ने किसी डॉक्टर से भी स्वीकृति लेना नहीं समझा जरूरी
प्रीति का पति और सास उसे लेकर शनिवार तड़के तीन बजे राजकीय महिला अस्पताल पहुंची। परिजनों ने बताया कि यहां प्रीति को अस्पताल में भर्ती करने के बजाय मौके पर मौजूद नर्स ने एसटीएच जाने के लिए कहा। नर्स ने किसी डॉक्टर से भी इसकी स्वीकृति लेना जरूरी नहीं समझा। सुबह करीब चार बजे प्रीति और परिजन अन्य अस्पताल जाने के लिए बाहर फुटपाथ पर बैठे थे। तभी प्रीति को तेज प्रसव पीड़ा हुई। वह अपनी सास के साथ अस्पताल में बने छोटे पार्क में पहुंची। यहां उसने एक लड़के को जन्म दिया। जैसे ही अस्पताल के स्टाफ को इसकी जानकारी हुई तो खलबली मच गई। जच्चा और बच्चे को तुरंत अस्पताल में भर्ती कर दिया गया। फिलहाल दोनों स्वस्थ हैं। प्रीति के पति मनोज कुमार ने बताया कि शुरुआती जांच में पता चला था कि बच्चा उल्टा है। मगर बाद में बच्चा सीधा हो गया था। इसी को लेकर उसकी पत्नी डरी हुई थी।
सिस्टर की लगी फटकार, होगी जांच
महिला अस्पताल की सीएमएस डॉ. उषा जंगपांगी ने बताया कि सिस्टर ने गर्भवती महिला को अस्पताल से वापस भेजने के लिए किसी डॉक्टर की स्वीकृति नहीं ली थी। यह नियम का उल्लंघन है। इसमें उसकी फटकार लगाई गई है। साथ ही इस मामले में आगे भी जांच की जाएगी। इस मामले में नैनीताल जिले की सीएमओ डॉ. भागीरथी जोशी ने कहा कि मामला उनकी जानकारी में नहीं है। अगर जानकारी में आएगा तो उसे दिखवाया जाएगा।
ये भी पढ़ें...Uttarakhand Weather: यात्रा में बाधा बना मौसम, बदरीनाथ और सोनप्रयाग सहित इन जगहों पर फंसे 6500 यात्री, देखिए तस्वीरें
महिला ने स्वयं लिख दिया कि उसे एसटीएच से भेज दो
मेडिकल कॉलेज के प्राचार्य डॉ. अरूण जोशी ने कहा कि खटीमा से आई गर्भवती महिला को प्रसव पीड़ा तेज हो रही थी। उसने ऑपरेशन करने के लिए कहा था। डॉक्टर ने कहा कि इसकी जरूरत नहीं है। बाद में महिला स्वयं यह लिखकर गई कि उसे यहां से रेफर कर दिया जाए जबकि डॉक्टरों ने यह भी बता दिया था उसका इस तरह से यहां से जाना खतरनाक हो सकता है।