उत्तरकाशी के कुवां-कफनौल मोटर मार्ग पर गमरा पुल के पास शनिवार रात हुए वाहन हादसे में एक महिला की मौत हो गई, जबकि महिला के पति घायल हो गए।
हिमरौल गांव निवासी केदार सिंह राणा अपनी पत्नी शीला देवी के साथ मारुति कार में गांव से डामटा लौट रहे थे। शनिवार रात करीब आठ बजे गमरा पुल के पास कार अनियंत्रित होकर खड्ड में जा गिरी।
हादसे में शीला (32) की मौके पर ही मौत हो गई, जबकि केदार घायल हो गए। मौके पर पहुंची डामटा पुलिस एवं ग्रामीणों ने 108 एंबुलेंस से घायल को सीएचसी नौगांव पहुंचाया, जहां प्राथमिक उपचार के बाद उन्हें अस्पताल से छुट्टी दे दी गई।
गांव से लौट रहे थे
गांव में खेतीबाड़ी कर जीवन यापन करने वाले केदार सिंह राणा बच्चों की पढ़ाई के लिए डामटा में रहते हैं। हादसे वाले दिन दोनों पति-पत्नी किसी काम से सुबह गांव गए, जहां से रात को लौटते हुए कार दुर्घटनाग्रस्त हो गई।
डामटा में शुभम (12) और उसकी दो छोटी बहनें हिमानी और शिवानी अपने माता-पिता के लौटने का इंतजार कर रहे थे। हादसे के बाद बच्चों का रो-रोकर बुरा हाल है।