पीपली गांव में रात्रि के समय एक भेड़िया घुस गया। एक घर के आंगन में अपनी मां के साथ सो रही दो माह की बच्ची को खींचकर भागने लगा। बच्ची के रोने की आवाज सुनते ही पास में सो रही मां और अन्य परिजन जाग गए। परिजनों के शोर मचाने पर जानवर बच्ची को छोड़कर भाग निकला। घटना से गांव में दहशत का माहौल बना हुआ है।
सोमवार रात्रि पीपली गांव निवासी जोगिंदर अपने परिवार के साथ घर के आंगन में सोया हुआ था। पास ही चारपाई पर उसकी पत्नी संयोगिता और दो महीने की छोटी बच्ची भी सोई हुई थी।
रात्रि करीब एक बजे जानवर घर के अंदर घुस आया और छोटी बच्ची को खींच कर भागने लगा। बच्ची के रोने की आवाज सुनकर उसकी मां संयोगिता और पास में सो रहे अन्य परिजन भी जाग गए।
उन्होंने शोर मचाते हुए जानवर का पीछा किया। लोगों को अपनी ओर आता देख जानवर के मुंह से बच्ची गिर गई और वह भाग निकला। गांव में आदमखोर की आमद से ग्रामीण दहशत में हैं।
बच्ची के परिजनों का कहना है कि जानवर देखने में कुत्ते जैसा लग रहा था। ग्रामीणों का कहना है कि आदमखोर जानवर भेड़िया हो सकता है। इस घटना के बाद से ग्रामीण दहशत में हैं।
उन्होंने वन विभाग के अधिकारियों से आवश्यक कार्रवाई की गुहार लगाई है। इस संबंध में वन क्षेत्राधिकारी दिगंबर भारती का कहना है कि मामला संज्ञान में नहीं है। टीम को भेजकर मामले की जांच कराई जाएगी। इसके बाद आवश्यक कार्रवाई की जाएगी।