रविवार को यमुनोत्री की शीतकालीन यात्रा का शुभारंभ हो गया। पर्यटन मंत्री दिनेश धनै ने यमुना के शीतकालीन पड़ाव खरसाली में शीतकालीन यात्रा का विधिवत शुभारंभ किया।
देव-डोलियों का नृत्य एवं मिलन
खरसाली में सुबह से ही यमुना और शनि मंदिर में पूजा-अर्चना शुरू हो गई थी। क्षेत्र की देव डोलियां भी खरसाली पहुंचीं। यहां यमुना मंदिर प्रांगण में देव-डोलियों का नृत्य एवं मिलन श्रद्धालुओं के आकर्षण का केंद्र रहा। श्रद्धालुओं ने यमुना मां के साथ ही देव-डोलियों से भी सुख, समृद्धि एवं शांति की कामना की।
पर्यटन मंत्री ने कहा कि शीतकालीन यात्रा से तीर्थाटन के साथ पर्यटन को भी बढ़ावा मिलेगा। मंत्री प्रीतम सिंह पंवार ने कहा कि पर्यटन को बढ़ावा देने के लिए सरकार गंभीरता से काम कर रही है।
इसके लिए तीर्थ एवं पर्यटक स्थलों को विकसित किया जा रहा है। शीतकालीन यात्रा के शुभारंभ के लिए सीएम हरीश रावत को आना था। लेकिन रविवार दोपहर तक भी मौसम ठीक नहीं होने से सीएम नहीं आ पाए।