रोजाना घर खर्च के लिए कंजूस पति की किच-किच के चलते एक दाम्पत्य जीवन बिखराव के पायदान पर पहुंच गया। महिला हेल्प लाइन की शरण में पहुंची पत्नी ने अपने एवं अपने बच्चों की परवरिश खुद ही कर लेने का दम भरते हुए पति से तलाक मांगा है।
हरिद्वार के कनखल निवासी एक महिला का विवाद पंद्रह वर्ष पूर्व नजीवाबाद बिजनौर में हुआ था। पति की कंजूसी के कारण आए दिन दंपति में तनाव रहने लगा। समय बीतने पर एक बेटा एव एक बेटी ने भी जन्म लिया।
चार साल से रह रही अलग
आरोप है कि पति का कंजूसी का रवैया बरकरार रहा। छोटे मोटे खर्चों को लेकर भी पति घर में किच-किच शुरू कर देता। चार वर्ष पूर्व महिला हरिद्वार आकर बस गई। मायके पक्ष ने ही उसे एक मकान खरीदकर भी दे दिया।
महिला यहां ब्यूटी पार्लर चलाकर अपना और बच्चों का जीवन-यापन करती रही। इसके बाद भी पति आता-जाता रहा। हद तब हो गई जब पति ने उस घर को बेचकर नजीवाबाद में ही घर लेने का प्रस्ताव रखा।
हेल्प लाइन में मांगा तलाक
पति के इस रवैये से नाखुश महिला ने घर खर्च को लेकर महिला हेल्प लाइन का दरवाजा खटखटाया। शनिवार को काउंसलिंग के लिए पहुंचे पति से महिला ने तलाक देने को कहा।
महिला ने कहा कि वो जैसे-तैसे अपने बच्चों को पाल लेगी। हेल्प लाइन प्रभारी भावना कैंथोला ने बताया कि पति पत्नी के बीच सुलह कराने की कोशिश कर रहे है, उन्हें अग्रिम तारीख काउंसलिंग के लिए दें दी गई है।