हिमालय अब तक करीब एक डिग्री गर्म हो चुका
शाेध में यह तथ्य सामने आए हैं कि हिमालय अब तक करीब एक डिग्री गर्म हो चुका है, लेकिन यह गर्मी हर जगह बराबर नहीं बढ़ी। 1900 के पहले 30 वर्षों के मुकाबले 2014 तक के 20 वर्षों में सर्दियों में पूरे हिमालय का तापमान लगभग एक डिग्री बढ़ा है। पश्चिमी हिमालय में 1.06 डिग्री सेल्सियस, मध्य हिमालय में 0.96 डिग्री सेल्सियस और पूर्वी हिमालय में 1.09 डिग्री सेल्सियस की बढ़ोतरी दर्ज की गई। बसंत में पश्चिमी हिमालय 1.08 डिग्री सेल्सियस गर्म हुआ, जबकि मध्य और पूर्वी हिमालय में बढ़ोतरी 0.83 डिग्री सेल्सियस रही।
बिरला इंस्टीट्यूट ऑफ टेक्नोलॉजी (बीआईटी) मेसरा की प्रोत्यूषा मुखोपाध्याय ने कहा, हिमालय को अकसर एक जैसा माना जाता है, लेकिन अध्ययन में पश्चिमी हिमालय सबसे ज्यादा संवेदनशील पाया गया। यहां सबसे ज्यादा गर्मी बढ़ने से तेजी से बर्फ पिघल रही है। इसका सीधा असर हिमालयी राज्यों पर पड़ेगा।
ये भी पढ़ें...Uttarakhand Weather: कोटद्वार में बारिश का कहर, मकान ढहने से मलबे में दबे चार लोग, तीन की मौत
पश्चिम से पूर्व की तरफ कम होती जाएगी गर्मी
वैज्ञानिकों के अनुसार पूरी सदी में गर्मी पश्चिम से पूर्व की तरफ कम होती जाएगी। अगर उत्सर्जन इसी रफ्तार से बढ़ता रहा तो 2081-2100 तक की सर्दियां 1900 के शुरुआती वर्षों के मुकाबले पश्चिमी हिमालय में 7.18 डिग्री, मध्य हिमालय में 6.71 डिग्री और पूर्वी हिमालय में 5.82 डिग्री ज्यादा गर्म होंगी।