बंद सड़कों को खोलने के लिए 396 मशीनें लगाईं
प्रदेश में बंद सड़कों को खोलने के लिए लोनिवि की ओर से 396 मशीनों (जेसीबी, पोकलैंड, रोबोट) को लगाया गया है। बुधवार शाम पांच बजे तक विभाग की ओर से जारी रिपोर्ट के अनुसार चार राष्ट्रीय राजमार्ग समेत कुल 155 बंद सड़कें बंद थीं। इनमें से 64 सड़कों को खोल दिया गया था। जबकि 91 सड़कों को खोलने का काम जारी था। बुधवार को चार राष्ट्रीय राजमार्ग भूस्खलन के कारण बंद हो गए। इनमें एनएच 707 त्यूणी-चकराता-मसूरी-चंबा-टिहरी-मलेथा मार्ग, एनएच 94 धरासू बैंड से फूलचट्टी के पास, एनएच-07 कलियासौड़ से खांकरा के बीच और एनएच-107 रुद्रप्रयाग से गौरीकुंड के बीच बंद हो गया। समाचार लिखे जाने तक चारों एनएच को खोलने का काम जारी था। इसके अलावा 12 राज्य मार्ग, छह प्रमुख जिला मार्ग, चार अन्य जिला मार्ग, 52 ग्रामीण सड़कें और 77 पीएमजीएसवाई की सड़कें बंद हो गईं।
ये भी पढ़ें...kanwar yatra 2022: सात फीट से ऊंची कांवड़ पर रहेगी रोक, इन नियमों का ध्यान रखना भी होगा जरूरी
उधर, उत्तराखंड राज्य आपदा प्रबंधन प्राधिकरण के आपातकालीन परिचालन केंद्र के अनुसार, उत्तरकाशी-टिहरी-घनसाली-मयाली- तिलवाड़ा राज्य मोटर मार्ग में किमी 137 में भारी मलवा आने के कारण 21 मीटर स्पान स्टील गार्डर सेतु क्षतिग्रस्त हो गया। संबंधित अधिशासी अभियंता की ओर से बताया गया है कि उक्त स्थान पर 30 मीटर स्पान बैली ब्रिज का निर्माण करने की आवश्यकता होगी। इसमें लगभग 25 दिन का समय लग सकता है। इसके लिए यातायात को वैकल्पिक मार्ग से डायवर्ट किए जाने के लिए संबंधित अधिकारियों को को निर्देशित किया गया है।