उत्तराखंड में सोमवार को अनेक स्थानों पर बारिश के आसार हैं। चारधाम यात्रा मार्गों पर भी आगामी 30 जून तक बारिश से बचाव के इंतजाम करने की सलाह दी गई है।
राजधानी में भी दिनभर बादलों के बीच हल्की से मध्यम बारिश हो सकती है। प्रदेश के मैदानी इलाकों में रविवार को दिनभर हल्की धूप के बीच 80 प्रतिशत से अधिक ह्यूमिडिटी ने जीना मुहाल कर दिया। शाम को आठ बजे कुछ स्थानों पर हल्की बारिश शुरू हो गई तो ठंडी हवाओं से गर्मी व उमस से राहत मिली।
मौसम विभाग के निदेशक बिक्रम सिंह ने बताया कि प्रदेश में अनेक स्थानों पर सोमवार को हल्की से मध्यम बारिश हो सकती है। उन्होंने बताया कि राजधानी में भी आंशिक से लेकर आमतौर पर बादल छाए रहेंगे। कई जगहों पर गरज के साथ बारिश भी हो सकती है।
उन्होंने बताया कि केदारनाथ, बद्रीनाथ, गंगोत्री, यमुनोत्री, हेमकुंड साहिब में 30 जून तक हल्की से मध्यम बारिश हो सकती है। लिहाजा, तीर्थयात्रियों को बारिश से बचाव के इंतजाम करके जाने की सलाह दी गई है। रविवार को दिन का अधिकतम तापमान 33.8 डिग्री रिकॉर्ड किया गया जो कि सोमवार को इससे कुछ नीचे जा सकता है।