पिछले दो दिनों से पानी न मिलने की वजह से चकशाह नगर के लोग परेशान हैं। क्षेत्रवासी कई बार जल संस्थान के जेई को फोन कर चुके हैं लेकिन, उनकी समस्या का समाधान नहीं हुआ।
क्षेत्रवासी संजय खुराना ने बताया कि सुबह उठकर पहले डालनवाला रिश्तेदारों के घर गया, जहां नहाया। इसके बाद वापस घर आया और देवी का पाठ किया। बताया कि पानी न होने की वजह से ऑफिस जाने वाले लोगों और स्कूल जाने वाले छात्रों को भी परेशानी उठानी पड़ रही है।
क्षेत्रवासी अशोक ने बताया कि पानी की आपूर्ति न होने से दिनचर्या बिगड़ गई है। सबसे ज्यादा परेशानी नवरात्र के व्रतियों को उठानी पड़ रही है। वह या तो दूर से पानी ढोकर ला रहे हैं, या उन्हें दोस्तों-रिश्तेदारों के घर जाकर नहाना पड़ रहा है।
ऐसी कोई शिकायत सीधे मुझ तक तो नहीं पहुंची है। यदि दो दिनों से लोग परेशान हैं तो तुरंत कार्रवाई कर लोगों को पानी दिया जाएगा। पाइप लाइन चेक कराई जाएगी।
-विनोद रमोला, अधिशासी अभियंता, जल संस्थान, रायपुर खंड
नहीं हुई लाइन सही
खुड़बुड़ा क्षेत्र में एसजीआरआर स्कूल के समीप बी-ब्लॉक में करीब पांच दिन बाद भी पाइप लाइन सही नहीं हो पाई है। इससे क्षेत्र में पानी की समस्या बनी हुई है। जल संस्थान के अधिशासी अभियंता एसके जैन ने बताया कि लीकेज ढूंढी जा रही है। लाइन लीकेज मिलते ही मरम्मत हो जाएगी। फिलहाल क्षेत्र में टैंकरों से पानी की आपूर्ति की जा रही है।