देर से ही सही देहरादून में पानी का बिल ऑनलाइन जमा कराने की सुविधा शुरू होने से लोगों को बड़ी राहत मिली है।
सैकड़ों लोगों ने भेजी मेल
इस सुविधा की अहमियत का अंदाजा इसी बात से लगाया जा सकता है कि इस संबंध में जानकारी के लिए सैकड़ों लोगों ने जलसंस्थान को मेल भेजी हैं।
राजधानी के लोग इस सुविधा का लंबे समय से इंतजार कर रहे थे। लंबी कवायद के बाद चार दिन पहले ही जल संस्थान ने लोगों की इस मांग को पूरा कर दिया। अब लोग घर बैठे ही बिल जमा करा सकते हैं।
हालांकि, अभी भुगतान सिर्फ क्रेडिट कार्ड या डेबिट कार्ड से ही किया जा सकता है। जल संस्थान का कहना है कि नेट बैंकिंग के जरिये भुगतान की सुविधा भी जल्द शुरू हो जाएगी।
लोगों को होगा फायदा
जल संस्थान की वेबसाइट पर लोग पानी के कनेक्शन का पूरा स्टेटस भी देख सकते हैं। एक साल का जमा बिल, बकाया जैसी सभी जानकारी क्लिक करते ही सामने होगी। इस सुविधा का फायदा सबसे ज्यादा उन लोगों को होगा जिनका मकान देहरादून में है, लेकिन वे बाहर नौकरी करते हैं।
ऐसे करें ऑनलाइन भुगतान
पानी का बिल ऑनलाइन जमा कराने के लिए आपको जलसंस्थान की वेबसाइट पर क्लिक करना होगा। वेबसाइट पर ऑनलाइन बिल सर्विस का ऑप्शन मौजूद है।
इस पर क्लिक करते ही एक पेज खुलेगा, जिस पर दिए गए पांच विकल्पों में से एक ऑनलाइन पेमेंट है। बिल भरने के लिए उपभोक्ता को बिल पर दिया गया कंज्यूमर कोड डालना होगा। इसके बाद डेबिट या क्रेडिट कार्ड से बिल का भुगतान किया जा सकता है। यह है वेबसाइट- www.ujs.uk.gov.in
ऑनलाइन बिल पेमेंट सुविधा को काफी अच्छा रिस्पांस मिला है। दून ही नहीं
दिल्ली व अन्य राज्यों से भी लोग मेल भेजकर इस संबंध में जानकारी मांग रहे
हैं।
- सुबोध कुमार, सचिव प्रशासन, जल संस्थान