हरबर्टपुर के पांवटा रोड स्थित एक कार मैकेनिक की दुकान में रात आग लग गई। आग से दुकान में रखा सारा सामान जलकर राख हो गया। वहीं, दुकान के बाहर खड़ी एक क्रेन भी आग की चपेट में आ गई और जल गई।
जानकारी के अनुसार, घटना रात करीब दो बजे की है। दुकान में अचानक आग लगने से आसपास के इलाके में अफरा तफरी मच गई। आग की लपटें उठती देख स्थानीय लोग मौके पर पहुंचे और आग बुझाने का प्रयास शुरू किया। इस बीच फायर ब्रिगेड को भी सूचना दी गई।
सूचना मिलने पर पहुंची फायर ब्रिगेड की टीम ने स्थानीय लोगों के साथ मिलकर आग बुझाने की कोशिश की। काफी प्रयास के बाद आग पर काबू पाया जा सका। हालांकि, तब तक दुकान में रखा सामान पूरी तरह जल चुका था। बाहर खड़ी क्रेन को भी आग से नुकसान पहुंचा।