उत्तराखंड शासन ने उत्तराखंड भवन एवं अन्य सन्निर्माण कर्मकार कल्याण बोर्ड के सचिव पद से हटाई गईं दमयंती रावत के स्थान पर श्रम आयुक्त को नया सचिव बना दिया है। इस संबंध में सोमवार को शासन ने आदेश जारी कर दिए। आदेश कार्मिक विभाग की ओर से जारी किए गए।
बोर्ड के सचिव पद से दमयंती रावत को कार्यमुक्त किए जाने के बाद श्रम मंत्री हरक सिंह रावत का विरोध सामने आया था। उन्होंने अध्यक्ष शमशेर सिंह सत्याल द्वारा दमयंती रावत को सचिव पद से विदा करने के फैसले को नियम विरुद्ध करार दिया था।
साथ ही सत्याल के ज्ञान पर सवाल उठा दिया था। इधर, नए अध्यक्ष ने शासन से सचिव पद पर श्रम आयुक्त को तैनात किए जाने की सिफारिश कर दी थी। सोमवार को शासन ने अध्यक्ष के प्रस्ताव पर मुहर लगा दी।
अपर मुख्य सचिव कार्मिक एवं सतर्कता राधा रतूड़ी नेे श्रमायुक्त दीप्ति सिंह को बोर्ड का नए सचिव का दायित्व दिए जाने के आदेश जारी कर दिए। सचिव की तैनाती के बाद बोर्ड के नए अध्यक्ष अब अपना कामकाज कायदे से शुरू कर सकेंगे।
फाइलों की शुरू होगी तलाश
सचिव के आने के बाद अब बोर्ड के अध्यक्ष सत्याल उन फाइलों की तलाश शुरू करेंगे जो उन्हें काफी खोजने के बाद नहीं मिल पाई हैं। इन फाइलों के श्रम मंत्री के पास होने की संभावना भी जताई गई है।