रुड़की में वाहनों को लाइटें जलाकर करनी पड़ी आवाजाही
रुड़की शहर में बुधवार सुबह अचानक मौसम ने करवट ली और घना कोहरा छा गया। अचानक आए कोहरे से शहरवासी भी हैरान हैं। बुधवार को अधिकतम तापमान 26.6 और न्यूनतम तापमान 17.5 डिग्री दर्ज किया गया। दो दिन से आसमान में बादल छाए हैं। ऐसे में लोगों को उम्मीद थी कि एक-दो दिन में बारिश हो सकती है। मंगलवार शाम को भी अचानक आसमान में काली घटाएं छा गईं। करीब एक घंटे बाद मौसम फिर से साफ हो गया। वहीं बुधवार सुबह हर रोज की तरह लोग सुबह करीब पांच बजे मॉर्निंग वॉक के लिए निकले। इस दौरान मौसम बिल्कुल साफ था।
गंगनहर किनारे ही हल्का कोहरा दिखाई दे रहा था। करीब छह बजे अचानक कोहरा छाने लगा। कुछ ही देर में सड़कों पर कोहरा दिखाई देने लगा। कोहरे का आलम ये था कि लोगों को कुछ दिखाई नहीं दे रहा था। करीब नौ बजे तक कोहरा ऐसे ही बरकरार रहा। ऐसे में सुबह कोहरे से अनजान जो लोग गर्म कपड़ों के बिना ही मॉर्निंग वॉक के लिए निकले थे, उन्हें कुछ हद तक ठंड का सामना करना पड़ा। हालांकि कोहरे को देखते हुए ठंड ज्यादा नहीं थी। नौ बजे के बाद कोहरा धीरे-धीरे छट गया।