चमोली जनपद में तड़के से ही ऊंचाई वाले क्षेत्रों में बर्फबारी और निचले क्षेत्रों में बारिश हो रही है, जिससे ठंड में इजाफा हो गया है। बदरीनाथ धाम, हेमकुंड साहिब, गोरसों बुग्याल, औली, रुद्रनाथ, फूलों की घाटी के अलावा नीती और माणा घाटी के गांवों में जमकर बर्फबारी हो रही है। जनपद के ऊंचाई वाले क्षेत्रों के 150 से अधिक गांव बर्फ से ढक गए हैं। पाणा, ईराणी, लोहाजंग, सुतोल, कनोल, रामणी, सुरांईथोटा, भल्लगांव, तोलमा आदि गांवों में सुबह से ही बर्फबारी होती रही। गांवों के पैदल रास्ते और खेत-खलियान भी बर्फ से ढक गए हैं।
मौसम विज्ञान केंद्र के निदेशक एवं वरिष्ठ मौसम विज्ञानी विक्रम सिंह के मुताबिक उत्तराखंड समेत देश के कई राज्यों में पश्चिमी विक्षोभ के फिर से सक्रिय होने से अगले 48 घंटे मैदान से लेकर पहाड़ तक मौसम खासा बिगड़ा रहेगा।राज्य के कुमाऊं और गढ़वाल क्षेत्रों में 2500 मीटर या उससे अधिक ऊंचाई वाले स्थानों पर बारिश के साथ भारी बर्फबारी की आशंका है।
भारी बारिश को लेकर अलर्ट
मौसम विभाग के अनुसार तीन और चार फरवरी को भारी से भारी बारिश और ऊंचाई वाले क्षेत्रों में बर्फबारी की संभावना है। मौसम विभाग ने भारी बारिश को लेकर अलर्ट भी जारी किया है। देहरादून मौसम विज्ञान केंद्र के अनुसार तीन और चार फरवरी को भारी से भारी बारिश, पर्वतीय जिलों में ऊंचाई वाले क्षेत्रों में बर्फबारी और ऊधमसिंह नगर में ओलावृष्टि की संभावना है। पांच और छह फरवरी को पर्वतीय जिलों में हल्की बारिश की संभावना है, जबकि मैदानी जिलों में मौसम शुष्क रहने की उम्मीद है।