रुड़की में ठंड, शीतलहर और कोहरे की वजह से लोग अपने घरों से कम निकल रहे हैं। जिन्हें मजबूरन इस मौसम में सफर करना पड़ रहा है, उनकी तो आफत हो गई है। कोहरे की वजह से बसें अपने निर्धारित समय से कई घंटे की देरी से गंतव्य तक पहुंच रही हैं। एक ओर से यात्री ठिठुरते हुए बस स्टैंड पर बसों का इंतजार करने को मजबूर हैं। वहीं, गंतव्य तक पहुंचने में भी उन्हें मुसीबत झेलनी पड़ रही है।
शहर में रविवार को धूप निकलने के बावजूद भी लोगों को ठंड से राहत नहीं मिली। धूप के बावजूद दिनभर शीतलहर चलती रही। स्थानीय लोगों ने ठंड के प्रकोप के चलते घर से बाहर न निकलने में ही समझदारी समझी। जिसके चलते बाजारों में दिनभर सन्नाटा पसरा रहा। दिक्कत वह उठा रहे हैं, जिन्हें ठंड और कोहरे के बावजूद सफर करना पड़ रहा है।
आलम यह है कि सामान्य दिनों में चार-पांच घंटे में दिल्ली से रुड़की और रुड़की से दिल्ली पहुंचने वाली रोडवेज बसों को छह से सात घंटे का समय लग रहा है। रुड़की बस स्टैंड पर बस के इंतजार में खड़े यात्रियों ने बताया कि कोहरे के चलते लांग रूट की बसों की टाइमिंग पूरी तरह गड़बड़ा गई है। दिल्ली, सहारनपुर, मेरठ और गाजियाबाद समेत तमाम रूट पर यही हाल है।
कोहरे के चलते बसें लेट हो रही हैं। मौसम की वजह से यात्रियों को परेशानी उठानी पड़ रही है।
-विवेक कपूर, वरिष्ठ केंद्र प्रभारी, रुड़की डिपो
पिथौरागढ़ के नैनीसैनी एयरपोर्ट से हिंडन और देहरादून के लिए छठे दिन विमान सेवा नियमित हुई। विमान ने पिथौरागढ़-देहरादून और पिथौरागढ़-हिंडन के लिए कुल छह चक्कर लगाए। विगत 23 दिसंबर को तकनीकी खामी के कारण नैनीसैनी से विमान उड़ान नहीं भर सका था। इसके चलते तीन दिन हवाई सेवा बंद रही।
बाद में हेरिटेज एविएशन ने हेलीकाप्टर से देहरादून और पिथौरागढ़ के यात्रियों को हवाई सफर कराया। विमान में आई गड़बड़ी को दूर करने के बाद हिंडन भेजा गया था। शनिवार को गाजियाबाद में कोहरा होने से विमान उड़ान नहीं भर सका। रविवार को हिंडन से विमान पिथौरागढ़ आया। इसके बाद देहरादून और हिंडन के लिए कुल छह उड़ानें भरीं। सोमवार को भी हवाई सेवा नियमित रहेगी।