बिरही-निजमुला मोटर मार्ग पर बृहस्पतिवार से वाहनों की आवाजाही सुचारू हो गई है। यहां जगह-जगह सड़क पर मलबा आने से वाहनों की आवाजाही ठप पड़ी थी। सड़क खुलने पर ग्रामीणों ने राहत की सांस ली। 30 अगस्त को भारी बारिश के कारण काली चट्टान व तोली तोक के पास मलबा आने से सड़क बंद हो गई थी, जबकि 31 अगस्त को टिटरी गदेरे के उफान से 40 मीटर तक सड़क बह गई थी। ऐसे में घाटी के गांवों में वाहनों की आवाजाही ठप पड़ गई थी। सड़क खोलने के लिए लोक निर्माण विभाग की ओर से जेसीबी लगाई गई है। मशीनों ने हिल कटिंग कर बुधवार को देर रात सड़क को वाहनों की आवाजाही के लिए खोल दिया। सड़क खुलने पर ग्राम पंचायत पाणा, ईराणी, झींझी, पगना, दुर्मी, गौणा, निजमुला, मोली, मानुरा, ब्यारा, सेंजी व गाड़ी गांव के ग्रामीणों ने राहत की सांस ली।
गाड़ी गांव के ऊपर हुआ भूस्खलन, लोगों ने छोड़े घर
दशोली ब्लाक के गाड़ी गांव के ऊपर बुधवार रात को भूस्खलन होने से गांव को खतरा हो गया है। गांव के कुछ घरों के ऊपर भूस्खलन होने पर लोग रात में ही घरों को छोड़कर सुरक्षित स्थानों की ओर चले गए। भूस्खलन थमने के बाद सभी घरों को लौट गए। बुधवार रात को हुए भूस्खलन से गांव की कृषि भूमि भी तबाह हो गई है। साथ ही गांव के लिए आने वाली पेयजल लाइन भी टूट गई है, जिससे गांव में पानी का भी संकट खड़ा हो गया है। गांव के भूपाल सिंह और हिम्मत सिंह के आंगन का पुश्ता टूटने से मकानों को खतरा पैदा हो गया है। गांव के नवीन गड़िया, तारेंद्र गड़िया, महावीर गड़िया ने प्रशासन से क्षतिपूर्ति का आकलन करने और सुरक्षा के उपाय करने के साथ प्रभावितों को मुआवजा देने की मांग की।
छह दिनों से हेलंग उर्गम मार्ग बंद
हेलंग-उर्गम मोटर मार्ग छह दिनों से बंद है, जिससे उर्गम घाटी के 13 गांवों का यातायात बंद हो गया है। वाहन नहीं चलने से ग्रामीणों को दिक्कतों का सामना करना पड़ रहा है। पिछले दिनों हुई भारी बारिश से हेलंग-उर्गम सड़क जगह-जगह टूटी हुई है। हनुमान मंदिर के पास सड़क का पुश्ता टूटने से सड़क ध्वस्त हो गई है। लोग जोखिम उठाकर पैदल आवाजाही कर रहे हैं। बारिश के कारण पहाड़ी से पत्थर गिर रहे हैं, जिससे पैदल चलने वालों को हर समय खतरा बना रहता है। उर्गम घाटी के उजागर फरस्वाण का कहना है कि छह दिनों से सड़क बंद होने से क्षेत्र में खाद्यान्न संकट गहराने लगा है। अति आवश्यक होने पर ही लोग पैदल आवाजाही कर रहे हैं। उन्होंने प्रशासन से जल्द से जल्द मार्ग खुलवाने की मांग की। वहीं पीएमजीएसवाई के जेई अंकित बिष्ट ने बताया कि मलबा हटाने के लिए दो जेसीबी लगाई गई हैं। साथ ही बोल्डरों को तोड़ने के लिए कंप्रेशर मशीनें लगी हैं। शुक्रवार तक मार्ग खोलने के प्रयास किए जा रहे हैं। संवाद
सात दिन बाद ऋषिकेश-बदरीनाथ हाईवे पर भले ही यातायात शुरू हो गया हो, लेकिन खतरा अभी टला नहीं है। तपोवन से देवप्रयाग के बीच जगह-जगह मलबे के ढेर लगे हैं। वहीं कई स्थानों पर चट्टान पर अटके पत्थर खिसकने का खतरा बना हुआ है। स्थिति यह है कि मलबे की वजह से कई स्थानों पर सिंगल लेन में यातायात संचालित हो रहा है।
बता दें कि पिछली 26 अगस्त रात बारिश की वजह से तपोवन से देवप्रयाग के बीच 60 किलोमीटर क्षेत्र में 18 से अधिक स्थानों पर भूस्खलन हो रहा है, जिससे यातायात ठप हो गया था। एक सितंबर को लोनिवि ने कड़ी मशक्कत के बाद यातायात के लिए राजमार्ग खोल तो दिया, लेकिन अभी भी आवाजाही खतरनाक बनी हुई है। चौड़ीकरण की वजह से पहाड़ियां कमजोर हो गई हैं। बारिश होने पर भूस्खलन से मलबा सड़क पर गिर रहा है। अभी भी अधिकतर स्थानों पर मलबा गिरा हुआ है, जिससे यहां यातायात सुचारु नहीं हुआ है।
तोताघाटी में यातायात खोलने के बाद पीडब्लूडी राजमार्ग खंड अब मलबे की सफाई में जुट गया है। पीडब्लूडी के सहायक अभियंता बीएन द्विवेदी ने बताया कि मलबे की सफाई के लिए मशीनें लगाई गई हैं। जिन स्थानों में मलबा गिरने की संभावना है, वहां मशीनें तैनात की गई है।