मसूरी में गलोगीधार के पास पहाड़ी से मलबा और पत्थर आने से सड़क फिर बाधित हो गई, जिससे दोनों तरफ वाहनों की लंबी कतार लग गई। सड़क के बार-बार बंद होने से पर्यटक और स्थानीय लोग परेशान हैं। बृहस्पतिवार को सड़क तीन बार बंद हुई।
मसूरी-देहरादून मार्ग गलोगीधार के पास बार-बार मलबा और पत्थर आने से बंद हो रहा है, इससे लोगों को परेशानी का सामना करना पड़ रहा है। मार्ग खुलने तक घंटों लोगों को वाहनों में ही बिताने पड़ते हैं। बृहस्पतिवार को भी मार्ग तीन बार बंद होने से पर्यटक और स्थानीय लोग परेशान रहे। लोक निर्माण विभाग ने मार्ग खोलने के लिए दो जेसीबी मशीनें तैनात की हैं।
मौके पर पुलिस भी तैनात है। पिछले एक माह में एक दर्जन से अधिक बार सड़क बंद हो चुकी है। पहाड़ी से बार बार मलबा और पत्थर गिर रहे हैं, जिससे रात्रि में चलने वाले वाहनों को खतरा बना हुआ है। लोनिवि के अपर सहायक अभियंता पुष्पेन्द्र कुमार खैरा ने बताया कि मार्ग खोलने के लिए दो जेसीबी मशीनों को तैनात किया है। ताकि, सड़क को जल्द खोला जा सके।