राजधानी दून व आसपास के इलाकों में बुधवार को अधिकतम तापमान 37.8 डिग्री दर्ज किया गया। 15 अप्रैल के बाद तापमान का यह रिकार्ड सबसे अधिक है। 15 अप्रैल को अधिकतम तापमान 37 डिग्री दर्ज किया गया था।
बुधवार को अधिकतम तापमान 37.8 डिग्री पहुंचने से जबरदस्त गर्मी रही। सूरज की तपिश देखकर लोग घरों से बाहर निकलने का साहस नहीं जुटा पाए।
विशेष परिस्थितियों में जो लोग घरों या दफ्तरों से बाहर निकले, वे पसीने से तरबतर हो गए। सूरज के तेवर सुबह आठ बजे से ही कड़े थे। आलम यह रहा कि पंखे और कूलर से भी गर्मी से निजात नहीं मिली। रात नौ बजे भी अधिकतम तापमान 30 डिग्री के ऊपर था।
हरिद्वार में पिछले पांच दिनों से शहर से लेकर देहात तक तन झुलसाने वाली गर्मी पड़ रही है। तेज धूप में घर से बाहर निकलना मुश्किल हो रहा है। गर्मी से लोग घरों बाहर और अंदर दोनों जगह परेशान हैं। पंखे और कूलर भी राहत नहीं दे रहे। आज भी गर्मी से राहत मिलने की उम्मीद नही है।
कुछ दिनों से सुबह से गर्मी और उमस से लोग परेशान हैं। बुधवार को भी कोई राहत नहीं मिली। अधिकतम तापमान लगातार बढ़ रहा है। 25 जून को अधिकतम तापमान 35 डिग्री दर्ज किया गया था, जो धीरे-धीरे बढ़ता हुआ बुधवार को 40 डिग्री पहुंच गया।
दिन के समय ही नहीं रात को भी लोगों को आराम नहीं मिल रहा। गर्मी से राहत पाने के लिए लोग गंगा में डुबकी लगा रहे हैं। रुड़की आईआईटी कृषि मौसम वेधशाला के अनुसार दो-तीन जुलाई से हल्की से मध्यम बारिश की संभावना है। तीन जुलाई को कुछ स्थानों पर आंधी भी आ सकती है।