पश्चिमी विक्षोभ के सक्रिय होने से राजधानी दून व आसपास के इलाकों में मंगलवार को देर शाम मौसम का मिजाज अचानक बदल गया और काफी देर तक झमाझम बारिश का दौर चला। वैसे तो आसमान में बादल सुबह से ही छाए रहे, लेकिन देर शाम मौसम ने करवट ली।
पहले तो काले घने बादल छाए और फिर 30 से 40 किमी की रफ्तार से हवा चली। तेज हवाओं का दौर थमा तो झमाझम बारिश शुरू हो गई। मौसम के अचानक बदले मिजाज व झमाझाम बारिश से पारा काफी नीचे चला गया। उधर, मौसम विज्ञानियों ने संभावना जताई कि अगले कुछ दिनों तक दून व आस-पास के इलाकों में बारिश होने के आसार हैं। मौसम विभाग ने 24 घंटे में राजधानी दून व आस-पास के इलाकों में भारी बारिश की संभावना जताई है। उधर, डीएम डॉ. आर राजेश कुमार ने भारी बारिश की संभावनाओं को देखते हुए आपदा प्रबंधन से जुड़े विभागों के अधिकारियों को अलर्ट रहने के आदेश जारी किए हैं।
बिजली लाइनें टूटीं, जंफर उडे़ और बत्ती गुल
बिजली लाइनों के टूटने और जंफर उड़ने से कई इलाकों में बिजली रही गुल। घंटों की मशक्कत के बाद ही आपूर्ति बहाल की जा सकी। बसंत विहार, जीएमएस रोड, आईएसबीटी, माजरा, किशननगर, राजेंद्रनगर, चकराता रोड, पलटन बाजार, डालनवाला, करनपुर, हरिद्वार बाईपास, दिलाराम चौक, दर्शनलाल चौक, सर्वे चौक, राजपुर रोड, कौलागढ़, कारगी चौक, बंजारावाला समेत आधे से अधिक इलाकों में बिजली के तारों के टूटने और जंफर उड़ने से आपूर्ति बाधित हो गई। बारिश थमने के बाद बिजली विभाग ने मरम्मत कर आपूर्ति बहाल की। इस दौरान लोगों को परेशानियों का सामना करना पड़ा।
बारिश से राजधानी के चौराहों पर जलभराव
मूसलाधार बारिश से राजधानी के चौराहों और सड़कों पर जलभराव हो गया, जिससे शहरियों को मुसीबतों का सामना करना पड़ा। सड़कों और चौराहों पर जलभराव ने नगर निगम के नाला-नाली सफाई अभियान की भी कलई खोल दी। वहीं, स्मार्ट सिटी परियोजना के तहत राजधानी की कई सड़कों पर कराए जा रहे निर्माण कार्यों के चलते भी जगह-जगह जलभराव हो गया। स्मार्ट सिटी परियोजना के सीईओ/डीएम डॉ. आर राजेश कुमार ने अफसरों को हिदायत दी थी कि मानसून की दस्तक के पहले ही निर्माण कार्यों को पूरा कर लिया जाए, लेकिन हुआ कुछ नहीं।
अधिकतम तापमान- 38 डिग्री
न्यूनतम तापमान - 26 डिग्री
सूर्योदय - 5.15 बजे
सूर्यास्त- 7.21 बजे