मोदी मंत्रिमंडल के प्रस्तावित विस्तार में उत्तराखंड से दो मंत्री बनाए जा सकते हैं। भाजपा के कोर ग्रुप में पूर्व मुख्यमंत्री और नैनीताल के सांसद भगत सिंह कोश्यारी को कैबिनेट मंत्री और अल्मोड़ा के सांसद अजय टम्टा को राज्यमंत्री बनाए जाने को लेकर खासी चर्चा है।
तर्क यह है कि केंद्रीय मंत्रिमंडल में उत्तराखंड को प्रतिनिधित्व देकर राज्य में चुनाव से पहले भाजपा में उत्साह भरा जा सके। जानकार इसके पीछे कुमाऊं मंडल में भाजपा की ताकत बढ़ना और सीएम हरीश रावत के समकक्ष कोश्यारी को ठाकुर नेता के तौर पर खड़ा करने का भी प्रयास बता रहे हैं।
अल्मोड़ा से सांसद अजय टम्टा का भाग्य इस तर्क पर खुल सकने की बात कही जा रही है कि एक तो वे कुमाऊं से हैं और दलित नेता भी हैं।
सीएम रावत राज्य सभा में दलित नेता प्रदीप टम्टा को भिजवा भी चुके हैं, लिहाजा संतुलन के तौर पर अजय टम्टा को मौका मिल सकता है। एक बार पहले भी अजय टम्टा का नाम केंद्रीय मंत्रिमंडल में राज्य मंत्री शामिल करने के लिए लगभग फाइनल हुआ था।