महाराज ने कहा कि प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी ने पिछले साल 12 अक्तूबर की सुबह जब से आदि कैलाश के दर्शन किए, तब से बड़ी संख्या में शिव भक्त जोलिंगकोंग पहुंच रहे हैं। मुख्यमंत्री पुष्कर सिंह धामी ने भी यहीं से अंतरराष्ट्रीय योग दिवस पर योगाभ्यास कर योग के महत्व को बताया।
उन्होंने कहा कि 2019 से कैलाश मानसरोवर यात्रा बंद होने के कारण शिव भक्त कैलाश पर्वत के दर्शन नहीं कर पा रहे थे। इसलिए सरकार ने तय किया कि वह ओल्ड लिपुलेख पास से उन्हें कैलाश के दर्शन करवाएगी। ओल्ड लिपुलेख पास की पहाड़ी के ऊपर से पवित्र कैलाश पर्वत के दिव्य दर्शनों के दौरान महाराज के साथ भारतीय सेना, आईटीबीपी और पुलिस के कई जवान भी मौजूद थे।