प्रदेश के चार स्थानों पर खुलेंगे कलेक्शन सेंटर
सेतु आयोग व कृषि विभाग की पहल से चकराता और जौनपुर ब्लॉक में महिंद्रा ग्रुप के सहयोग से आधुनिक सिंचाई के पायलट प्रोजेक्ट पर काम शुरू किया गया। इसके साथ प्रदेश के चार स्थानों पर किसानों के लिए कलेक्शन सेंटर खोले जाएंगे, जिससे उन्हें अपने उत्पाद का बेहतर मूल्य मिल सके। तीन स्थानों पर आधुनिक ग्रामीण केंद्र भी स्थापित किए जाएंगे, जिन्हें स्वयं सहायता समूह या किसान उत्पादक संगठन संचालित करेंगे। पंचायती राज व्यवस्था को मजबूत करने के लिए सेतु आयोग, पंचायती राज विभाग और क्वालिटी काउंसिल ऑफ इंडिया के सहयोग से ग्राम प्रधानों के प्रशिक्षण की पहल करने जा रहा है, जो पंचायतों को सुदृढ़ करने और ग्राम स्तर पर सुशासन को मजबूती देने में महत्वपूर्ण भूमिका निभाएगा।
कौशल विकास में दिख रहा आयोग की पहल का असर
कौशल विकास के क्षेत्र में भी सेतु आयोग की पहल का असर दिखने लगा है। कुमाऊं विश्वविद्यालय नैनीताल में टाटा समूह की ओर से संचालित होटल उद्योग से जुड़े प्रशिक्षण केंद्र से प्रशिक्षित युवाओं को अब टाटा समेत अन्य बड़ी कंपनियों में रोजगार मिलने लगा है, जिससे स्थानीय युवाओं के लिए नए अवसर खुले हैं। आयोग की सरकारी विभागों के साथ मिलकर नए केंद्र खोलने की योजना है।