उत्तराखंड के मुख्यमंत्री तीरथ सिंह रावत के इस्तीफे की खबरें जैसे ही फिजाओं में तैरने लगी तो सोशल मीडिया में भी सुर्खियों में आ गईं। ट्वीटर पर कई घंटे तक उत्तराखंड की यह सियासी हलचल टॉप-5 ट्रेंड में नजर आईं। वहीं, फेसबुक पर भी सीएम तीरथ सिंह रावत लगातार ट्रेंड करते नजर आए।
शुक्रवार को शाम होते-होते जैसे ही सीएम तीरथ के इस्तीफे की चर्चाएं तेज हुईं तो सोशल मीडिया पर भी तमाम तरह के मीम्स बनने शुरू हो गए। कोई कह रहा था कि 70 में से 57 सीटों वाली भाजपा सरकार, लेकिन स्थायी सरकार के सवाल पर खामोश रहो।
सोशल मीडिया पर ज्यादातर लोग भाजपा के इस फैसले को लेकर व्यंग्यात्मक लहजे में नजर आए। इस दौरान सीएम तीरथ सिंह रावत का रीप्ड जींस का बयान फिर सुर्खियों में आ गया। उनके इस बयान से जोड़ते हुए भी सोशल मीडिया पर काफी पोस्ट साझा की गईं।
ट्विटर पर हैशटैग 'बीजेपी फेल्ड उत्तराखंड' में 22 हजार से ज्यादा ट्वीट हुए तो हैशटैग 'तीरथ सिंह रावत' पर करीब छह हजार ट्वीट हुए। वहीं, फेसबुक पर भी जमकर पोस्ट साझा की गई।