उत्तराखंड में बढ़ी सियासी हलचल के बीच त्रिवेंद्र सिंह रावत ने आज सीएम पद से इस्तीफा दे दिया है। सीएम को तीन बजे प्रेसवार्ता करनी थी। लेकिन कार्यक्रम में अचानक बदलाव करते हुए उन्होंने पहले राजभवन जाने का फैसला लिया। वे राजभवन पहुंचकर राज्यपाल बेबीरानी मौर्य से मुलाकात की। इसके बाद प्रेस वार्ता शाम 4:30 बजे की जाएगी। चर्चाएं हैं कि सीएम इस्तीफा दे सकते हैं। हालांकि इसकी कोई आधिकारिक पुष्टि नहीं है। वहीं, भाजपा विधायक दल की बैठक अब बुधवार को होगी।
वहीं, विधायक मुन्ना सिंह चौहान ने भी सीएम और भाजपा अध्यक्ष जेपी नड्डा की मुलाकात के बाद सीएम के प्रति असंतोष संबंधी खबरों को खारिज किया। उन्होंने कहा कि सीएम के खिलाफ कोई असंतोष नहीं है। उन्होंने कहा कि नीतिगत मामले में पार्टी का संसदीय बोर्ड निर्णय लेता है। संसदीय बोर्ड के निर्णय की जानकारी हमें नहीं है।
सांसद बलूनी से दिल्ली में मिले मुख्यमंत्री त्रिवेंद्र
दिल्ली प्रवास के दौरान सोमवार को मुख्यमंत्री त्रिवेंद्र सिंह रावत ने राज्यसभा सांसद व भाजपा के राष्ट्रीय मीडिया प्रभारी अनिल बलूनी से उनके आवास पर मुलाकात की थी। सूत्रों के मुताबिक दोनों नेताओं ने ताजा राजनीतिक घटनाक्रम के बीच करीब 45 मिनट मंत्रणा की।