पुलिस के 112 बेड़े में जल्द ही पैट्रोलिंग के लिए 100 स्कार्पियो गाड़ियों को शामिल किया जाएगा। इसके साथ ही आर्म्ड फोर्स के सिपाहियों के कंधे से सदियों पुरानी राइफल को हटाकर अत्याधुनिक इंसास राइफल को शामिल किया जाएगा। स्मार्ट पुलिसिंग के तहत ऐसे ही कई महत्वपूर्ण प्रस्तावों को गृह सचिव नितेश कुमार झा ने सैद्धांतिक मंजूरी दे दी है।
कई ऐसे प्रस्ताव हैं, जिनमें सरकार की आर्थिक स्थिति को देखकर निर्णय लिया जाना है। जल्द ही इन प्रस्तावों को मुख्यमंत्री के सामने रखा जाएगा। पुलिस मुख्यालय में आयोजित पत्रकार वार्ता में गृह सचिव नितेश कुमार झा और डीजीपी अशोक कुमार ने इसकी जानकारी दी।
दरअसल, डीजीपी अशोक कुमार के पदभार संभालते ही स्मार्ट पुलिसिंग पर जोर दिया था। इसके तहत नौ समितियां गठित की गई थीं। इनमें ट्रैफिक, आधुनिकीकरण, पुलिस कल्याण आदि विषय अहम थे। इन समितियों के साथ डीजीपी ने पिछले दिनों बैठक कर उनके प्रस्तावों पर चर्चा की थी। समितियों ने दर्जनों प्रस्ताव दिए, जिन पर सोमवार को गृह सचिव नितेश कुमार ने शासन की ओर से सैद्धांतिक मंजूरी दे दी। डीजीपी अशोक कुमार ने बताया कि इनमें जो शासन स्तर के प्रस्ताव थे उनमें ज्यादातर में सैद्धांतिक मंजूरी मिल गई है। जबकि, जिनमें अधिक बजट की आवश्यकता है उनमें मुख्यमंत्री से चर्चा करने की बात की गई है।
डीजीपी ने बताया कि अभी तक डायल 112 के तहत काफी गाड़ियां चल रही हैं। लेकिन, वह प्रदेश की स्थिति को देखते हुए कम हैं। ऐसे में अब नई 100 स्कार्पियो गाड़ियों की मांग की गई है। ताकि, पैट्रोलिंग करने वाली टीमों को आरामदायक स्थिति का अहसास हो और उनके मनोबल को बढ़ाया जा सके। इसके साथ ही पीएसी और आईआरबी में सिपाहियों के पास अभी तक भारी भरकम थ्री नॉट थ्री राइफल होती थी। अब इनके स्थान पर अब उन्हें इंसास राइफल दी जाएगी। डीजीपी ने बताया कि सिटी पुलिस को शॉट रेंज वेपन (पिस्तौल) देने की तैयारियां लगभग पूरी हो चुकी हैं।
पुलिस को इनाम देने के लिए बनेगा नया फंड
किसी भी मामले का खुलासा करने वाली टीम को अभी डीजीपी 20 हजार रुपये तक का इनाम दे सकते हैं। लेकिन, कुछ साल पहले उत्तर प्रदेश में इसे बढ़ाकर एक लाख रुपये से भी अधिक कर दिया गया है। वहां पर इसके लिए अलग से फंड बना दिया गया है। इसी प्रस्ताव को गृह सचिव के सामने रखा गया था। इस पर गृह सचिव ने सैद्धांतिक मंजूरी मिली है। जल्द ही एक अलग से फंड बनाकर यह पुरस्कार डीजीपी की ओर से दिया जाएगा। डीजीपी ने बताया कि फंड नहीं होने से अभी तक यह इनाम केवल कागजों पर रही रहता था।
पीएसी में भी नए वाहन आएंगे
पीएसी में यूपी की तर्ज पर पुरानी व्यवस्था प्रचलित थी। अभी तक एक बटालियन में एक बड़ी बस और तीन ट्रक व एक छोटा ट्रक होता था। 20 साल में अब तक पीएसी के वाहनों को नहीं बदला गया था। अब नए वाहनों के तौर पर हर बटालियन में तीन मिनी ट्रक और तीन मिनी बसों को शामिल किया जाएगा। ताकि, पीएसी की मोबिलिटी को बढ़ाया जा सके।
मदद करने वालों को पुरस्कृत करेंगे डीजीपी
सड़क दुर्घटना में घायल लोगों की मदद करने वालों को पुलिस का डर रहता था। लेकिन, पुलिस मुख्यालय की ओर से इस डर को खत्म करने की योजना बनाई गई है। अब डीजीपी सड़क दुर्घटना में घायल लोगों की मदद करने वालों को पुरस्कृत कर सकेंगे। इसके लिए भी एक नया फंड बनाने के लिए गृह विभाग से सैद्धांतिक मंजूरी मिली है।
टूरिस्ट पुलिस बनेगी और अधिक हाईटेक
टूरिस्ट पुलिस को और अधिक हाईटेक बनाया जाएगा। ताकि, पर्यटकों को अधिक से अधिक मदद पहुंचाई जा सके। इसके लिए उन्हें नई एप से जोड़ा जाएगा। टूरिस्ट पुलिस को भी आधुनिक बनाने के प्रयास किए जाएंगे।
पीएसी की वर्दी होगी अपग्रेड
पीएसी की वर्दी को अपग्रेड किया जाएगा। डीजीपी ने बताया कि अभी तक पीएसी सामान्य वर्दी पहनकर मैदान में आती थी। लेकिन, जल्द ही सीआरपीएफ और अन्य पैरामिलिट्री फोर्स की तहर कॉम्बैट वर्दी बनाई जाएगी। यह वर्दी खाकी रंग की होगी।