केंद्रीय जल शक्ति राज्यमंत्री प्रहलाद सिंह पटेल ने शनिवार को जल जीवन मिशन कार्यक्रम के अंतर्गत दूधली पेयजल योजना के सुदृढ़ीकरण कार्यों का लोकार्पण किया। इस योजना की लागत 1.26 करोड़ है। दूधली में आयोजित कार्यक्रम में केंद्रीय जल शक्ति राज्यमंत्री प्रहलाद सिंह पटेल ने कहा कि इस पेयजल योजना से लोगों की पेयजल की दिक्कत दूर हो सकेगी। कहा कि सरकार का पूरा प्रयास है कि प्रत्येक घर तक सुचारू पेयजल पहुंचाया जाए। भाजपा सरकार ने ज्वलंत समस्याओं का समाधान और जनता को सुविधाएं देने के लिए अहम निर्णय लेकर उनको अंजाम तक पहुंचाया है।
इस दौरान उन्होंने जल जीवन मिशन के अंतर्गत योजनाओं के बारे में बताया। पेयजल मंत्री बिशन सिंह चुफाल ने कहा कि राज्य सरकार पेयजल व्यवस्थाओं को सुदृढ़ रखने पर विशेष ध्यान दे रही है। पूर्व मुख्यमंत्री त्रिवेंद्र सिंह रावत ने कहा कि डोईवाला के दूधली से ही एक रुपये में पेयजल कनेक्शन की शुरूआत की गई थी। कहा कि क्षेत्र की पेयजल समस्याओं का निदान तेजी से हुआ है। कार्यक्रम में पूर्व राज्यमंत्री करन बोरा, दूधली प्रधान श्याम सिंह धामी, माजरी मंडल अध्यक्ष राजकुमार, महामंत्री ललित पंत, बृजभूषण गैरोला, प्रधान नेहा, पंकज रावत, मंजू जोशी, नगीना रानी, प्रेमा पांडे, नरेंद्र नेगी, दीपक कुमार, सतेन्द्र चौधरी, प्रवीण कुमार, उम्मेद वोरा, श्रवण प्रधान,नवीन पांडे,संदीप पाल, जल संस्थान के नमित रमोला, कैलाश पैन्यूली आदि थे।
चुनावी साल में केंद्रीय मंत्रियों ने किया उत्तराखंड का रुख
चुनावी साल में केंद्रीय मंत्रियों ने उत्तराखंड का रुख करना शुरू कर दिया है। शनिवार को मोदी कैबिनेट के तीन मंत्री उत्तराखंड पहुंचे। दो केंद्रीय मंत्री भी इसी महीने उत्तराखंड आएंगे।
प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी शुक्रवार को उत्तराखंड आए। उनके बाद शनिवार को केंद्रीय नागरिक उड्डयन मंत्री ज्योतिरादित्य सिंधिया उत्तराखंड पहुंचे। उन्होंने देवभूमि से देश की हेली नीति का एलान किया। साथ ही उत्तराखंड के सात स्थानों के लिए हेलिकॉप्टर सेवा का शुभारंभ किया।
केंद्रीय सड़क, परिवहन एवं राजमार्ग राज्यमंत्री जनरल वीके सिंह (सेवानिवृत्त) ने देहरादून में एनएचएआई, बीआरओ और लोनिवि (एनएच) के अधिकारियों के साथ बैठक की। वे चारधाम आलवेदर रोड परियोजना, एनएचएआई की सड़कों और पुलों के कार्य, राष्ट्रीय राजमार्गों पर चल रहे कार्यों की समीक्षा करने पहुंचे हैं ताकि इनमें और तेजी आए। केंद्रीय जल शक्ति राज्यमंत्री प्रहलाद पटेल भी उत्तराखंड के दौरे पर हैं।
इस महीने शाह और राजनाथ भी आएंगे
केंद्रीय गृह मंत्री अमित शाह और केंद्रीय रक्षा मंत्री राजनाथ सिंह भी उत्तराखंड के दौरे पर आएंगे। शाह इसी महीने 16 व 17 अक्तूबर को उत्तराखंड के दौरे पर होंगे। राजनाथ सिंह भी 24 अक्तूबर को उत्तराखंड में होंगे। वह पिथौरागढ़ में शहीद सम्मान यात्रा का आगाज करेंगे। इनके अलावा कई और मंत्रियों और केंद्रीय नेताओं के भी उत्तराखंड दौरे पर आ सकते हैं।