रक्षाबंधन त्योहार के एक दिन पहले हरिद्वार के रोडवेज बस अड्डे और रेलवे स्टेशन पर घर जाने वालों की भीड़ उमड़ी। बसों और ट्रेनों में इस कदर भीड़ थी कि लोगों को सीट नहीं नहीं मिलने पर खड़े खड़े ही सफर किया। त्योहार को देखते हुए रोडवेज ने चार अतिरिक्त बसें लगाई गई। कई रूटों के फेरे बढ़ाए गए हैं। इसके बाद भी यात्रियों को आसानी से सीट नहीं मिली।
आज रविवार को रक्षाबंधन का त्योहार है। त्योहार से एक दिन पहले शनिवार को घर जाने वाले लोगों की भीड़ बस अड्डे और रेलवे स्टेशन पर उमड़ने लगी थी। इसके अलावा सड़कों पर भी स्टॉपेज पर काफी यात्री बसों का इंतजार करते देखे गए। सुबह से ही रोडवेज की बसें और ट्रेनें फुल होने लगी। दोपहर बाद तो बस अड्डा खचाखच भर गया। जैसे ही कोई बस आती उसमें सवार होने के लिए मारामारी मच जाती।
बसों और ट्रेनों में जगह नही मिलने पर लोगों ने डग्गामार वाहनों का सहारा भी लिया। हरिद्वार से लक्सर, हरिद्वार से रुड़की समेत देहरादून, नजीबाबाद, बिनजौर, सहारनपुर, मुजफ्फरनगर जाने वाली बसों में सर्वाधिक सवारियां रही। यहां से चलने वाली प्राईवेट बसें भी खूूब भरकर चली।
बिना मास्क पहने किया सफर
रक्षाबंधन के पर्व पर घर पहुंचने के लिए लोगों ने कोरोना गाइडलाइन की जमकर धज्जिया उड़ाई। बसों में न तो कोई मास्क लगाए हुए नजर आया। बसों में खचाखच भीड़ से संक्रमण का खतरा भी बढ़ा है।
देहरादून, नजीबाबाद रूटों पर बसों के फेरे बढ़ाए गए हैं। फिलहाल चार बसें अतिरिक्त लगाई गई हैं। जरूरत पड़ने पर और बसों का इंतजाम कराया जाएगा।
- प्रतीक जैन, एआरएम, हरिद्वार डिपो