लक्ष्मणझूला मोटर मार्ग पर स्थानीय लोगों को जाम से परेशान न होना पड़े इसके लिए जगह-जगह पुलिस के जवान तैनात रहे। रायवाला, कैलासगेट, तपोवन चौकी और भद्रकाली चेक पोस्ट पर स्वास्थ्य विभाग की टीम बाहरी पर्यटकों की आरटीपीसीआर जांच में जुटी रही।
होटल व्यावसायी अनुसूया प्रसाद पांडेय ने कहा कि इस वीकेंड पर बीते दिनों की अपेक्षा भीड़ कम रही। उनके होटलों में इस बार 80 फीसद एडवांस बुकिंग हुई। होटल में प्रवेश करने से पहले पर्यटकों से उनका आरटीपीसीआर टेस्ट की जांच की जा रही है।
कोविड-19 के नियमों का पूरी तरह से किया जा रहा पालन
इसके अलावा होटलों में कोविड-19 के नियमों का पूरी तरह से पालन किया जा रहा है। कैंप संचालक जीतपाल सिंह ने बताया कि कैंप पर्यटकों से गुलजार हैं। ऑनलाइन और एडवांस बुकिंग करने के बाद ही पर्यटक कैंपों की ओर रुख कर रहे हैं।
सैलानियों के आने से नैनीताल में बढ़ी चहल-पहल
रुक रुककर हो रही बारिश के बाद भी सप्ताह के अंत में नैनीताल में सैलानियों की आवाजाही अन्य दिनों की अपेक्षा अधिक नजर आई। भीड़ बढ़ने से मल्लीताल क्षेत्र में बाजारों में खासी चहल पहल देखने के लिए मिली।
ईद से पहले नैनीताल में काफी संख्या में सैलानी पहुंच रहे थे, जिसके बाद जिला प्रशासन ने नैनीताल आने वाले सैलानियों के लिए कुछ सख्ती की थी। सख्ती का असर यह रहा कि सैलानी नैनीताल के बजाय आसपास के पर्यटक स्थलों की ओर चले गए। अब सख्ती कुछ कम कर दी गई है। लिहाजा फिर से सैलानियों का रुख नैनीताल की ओर होने लगा है।
शनिवार की सुबह से ही सैलानी नैनीताल पहुंचने शुरू हो गए थे। मौसम सामान्य था लिहाजा सैलानियों ने चिड़ियाघर, स्नोव्यू, बारापत्थर, केव गार्डन, बॉटनिकल गार्डन आदि का भ्रमण किया।
वहीं कई सैलानियों ने नैनीझील में नौका विहार और बारापत्थर क्षेत्र में घुड़सवारी का आनंद लिया। भीड़ बढ़ने से नैनीताल की अधिकतर पार्किंगों में काफी संख्या में वाहन खड़े नजर आए। सैलानियों के आने से कारोबारियों के चेहरे खिले नजर आए।