आरएसएस के प्रांत सेवा प्रमुख पवन गड़कोटी की मां के निधन पर शोक संवेदना व्यक्त करने के लिए मुख्यमंत्री तीरथ सिंह रावत मंगलवार को अचानक रामनगर से टनकपुर पहुंचे। मुख्यमंत्री के अचानक आने से प्रशासन में अफरा-तफरी मची रही। आनन-फानन स्टेडियम मैदान में हेलीपैड बनाने के साथ ही मुख्यमंत्री की सुरक्षा का घेरा तैयार किया गया। पवन गड़कोटी की मां शांति गड़कोटी (72) का बीती 26 जून का निधन हो गया था।
प्रशासन मुख्यमंत्री के प्रमुख सलाहकार डॉ. रघुवीर सिंह रावत के बुधवार को क्षेत्र भ्रमण कार्यक्रम की तैयारी में जुटा था कि मंगलवार दोपहर अचानक सीएम तीरथ के टनकपुर आने का कार्यक्रम तय होने से खलबली मच गई। प्रमुख सलाहकार के कार्यक्रम की तैयारी छोड़ कर प्रशासन सीएम के कार्यक्रम की तैयारी में जुट गया। दोपहर 3:33 बजे सीएम रावत भाजपा प्रदेश महामंत्री राजेंद्र सिंह भंडारी राजू के साथ हेलीकॉप्टर से टनकपुर पहुंचे।
एसडीएम हिमांशु कफल्टिया और सीओ अविनाश वर्मा ने सीएम की अगवानी की। जहां से सुरक्षा घेरे में आरएसएस के प्रांत सेवा प्रमुख पवन गड़कोटी की मां के निधन पर शोक संवेदना व्यक्त करने ज्ञानखेड़ा स्थित उनके आवास पर गए। सीएम करीब 25 मिनट वहां रहे। शोक संवेदना व्यक्त करने के बाद मुख्यमंत्री लौट गए। भाजपा जिलाध्यक्ष दीप चंद्र पाठक, प्रदेश मंत्री किरन देवी, पूर्व दर्जा राज्यमंत्री शिवराज सिंह कठायत, बीसूका जिला उपाध्यक्ष सुभाष थपलियाल, सांसद प्रतिनिधि संजय जोशी, शंकर लाल वर्मा, रोहताश अग्रवाल आदि ने हेलीपैड पर सीएम का स्वागत किया।
सीएम ने दिए खाम भूमि का प्रस्ताव भेजने के निर्देश
भाजपा जिलाध्यक्ष दीप चंद्र पाठक ने स्टेडियम मैदान हेलीपैड पर मुख्यमंत्री तीरथ सिंह रावत के समक्ष खाम भूमि का मुद्दा उठाया। उन्होंने कहा कि खाम भूमि की रजिस्ट्री न होने से काबिज लोगों को कई तरह की परेशानियों का सामना करना पड़ रहा है। जिलाध्यक्ष की मांग पर मुख्यमंत्री रावत ने इस पर शीघ्र कार्रवाई का भरोसा दिया। उन्होंने एसडीएम हिमांशु कफल्टिया को बुलाकर खाम भूमि का प्रस्ताव शीघ्र बनाकर शासन को भेजने के निर्देश दिए।
भाजपा के चिंतन शिविर के अंतिम दिन मुख्यमंत्री तीरथ सिंह रावत ने कहा कि उत्तराखंड को पर्यटन हब बनाना उनका ड्रीम प्रोजेक्ट है, ताकि गोवा के बाद उत्तराखंड को भी पर्यटन प्रदेश के रूप में जाना जाए। इस पर सरकार की ओर से लगातार काम किया जा रहा है, उम्मीद है कि जल्द ही इसके नतीजे सामने आएंगे।
मुख्यमंत्री ने कहा कि सरकार पर्यटन गतिविधियों को बढ़ाने पर जोर दे रही है। साहसिक खेलों को प्रोत्साहन दिया जा रहा है। उन्होंने कहा कि रामनगर से गैरसैंण तक के सड़क मार्ग को सही कराया जाएगा।
यह मार्ग प्रदेश की ग्रीष्मकालीन राजधानी की ओर जाता है और इस मार्ग से बदरीनाथ और केदारनाथ को पर्यटक और तीर्थयात्री जाते हैं। मानसून खत्म होने के बाद सरकार इस मार्ग को दुरुस्त कराएगी।
रामनगर-चौखुटिया रेल मार्ग का भी होगा सर्वे
मुख्यमंत्री तीरथ सिंह रावत ने बताया कि टनकपुर-बागेश्वर रेल मार्ग का सर्वे कार्य जल्द शुरू होने जा रहा है। इसी दौरान रामनगर से लेकर चौखुटिया रेल मार्ग का भी सर्वे होगा। इसके लिए रेलमंत्री पीयूष गोयल से वार्ता हो चुकी है। रेल मंत्री ने इस रेल मार्ग के लिए भी हामी भरी है। इस रेल मार्ग के शुरू होने से स्थानीय जनता को लाभ मिलने के साथ ही पर्यटन को भी बढ़ावा मिलेगा।