सरकार की कोरोना की नई गाइडलाइन के अनुसार 23 जून से रुड़की के एआरटीओ कार्यालय में लोगों के लर्निंग ड्राइविंग लाइसेंस बनने शुरू हो रहे हैं। विभाग में विगत 23 अप्रैल से लाइसेंस बनने का काम ठप हो गया था, जबकि लोगों ने पांच जून तक के लिए स्लॉट बुक कर लिए थे। हालांकि विभाग ने लोगों को बड़ी राहत दी है, जिसके अनुसार जिनके स्लॉट बुक हो चुके हैं पहले उनके ही लाइसेंस बनाए जाएंगे। इसके लिए बाकायदा विभाग ने शेड्यूल तैयार किया है।
15 अप्रैल के बाद कोरोना महामारी चरण पर पहुंचनी शुरू हो गई थी। इसके बाद धीरे-धीरे शहर में कोरोना के केस बढ़ते चले गए। ऐसे में उत्तराखंड सरकार ने कोरोना कर्फ्यू लागू कर दिया। ऐसे में सभी सरकारी कार्यालयों के साथ ही एआरटीओ विभाग में भी 23 अप्रैल को ड्राइविंग लाइसेंस सहित अन्य कामकाज ठप हो गए थे। ऐसे में उन लोगों को बड़ा झटका लगा था जिन्होंने बड़ी जद्दोजहद के बाद स्लॉट नंबर लिए थे।
उस दौरान लोगों ने पांच जून तक के स्लॉट बुक करवा लिए थे। वहीं अब दो दिन पहले सरकार ने कोरोना की नई गाइडलाइन के अनुसार सरकारी कार्यालयों को 50 फीसदी स्टाफ के साथ खोलने की अनुमति दे दी है। एआरटीओ विभाग ने भी अपने कार्यालय खोल दिए हैं। अब यहां 23 जून से ड्राइविंग लाइसेंस बनने शुरू हो जाएंगे। एआरटीओ ज्योति शंकर मिश्र ने बताया कि 23 जून यानी बुधवार से लाइसेंस बनने शुरू हो जाएंगे। उन्होंने बताया कि फिलहाल लर्निंग लाइसेंस बनाए जाएंगे। अभी नए लोगों के लिए स्लॉट बुक करने के लिए साइट ओपन नहीं की गई है। पहले उन लोगों के लाइसेंस बनाए जाएंगे, जिन्होंने पहले स्लॉट बुक कराए हुए हैं।